Related Posts

घरौंडा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन:कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के रेट बढ़ाने का विरोध, बोले- बढ़ोत्तरी वापस ले केंद्र, होगा बड़ा आंदोलन




करनाल जिले के घरौंडा में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में 993 रुपए की बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई और बढ़ती महंगाई पर नाराजगी जताई गई। रैली दिल्ली चुंगी से शुरू होकर शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों से होती हुई विश्वकर्मा चौक पर समाप्त हुई। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे। शनिवार की शाम प्रदर्शन की शुरुआत दिल्ली चुंगी से की गई, जहां से कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता एकजुट होकर आगे बढ़े। प्रदर्शनकारी सर्विस रोड, तकिया मार्किट, मंडी मनीराम और रेलवे रोड से गुजरती हुई विश्वकर्मा चौक पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में झंडे और बैनर लेकर सरकार के खिलाफ नारे लगाए और आम जनता पर बढ़ती महंगाई का विरोध जताया। प्रदर्शन की अगुवाई यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रोबिन माइकल ने की। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने रातों-रात कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाकर आम जनता पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी की गई थी और अब 993 रुपए की भारी वृद्धि से लोगों को बड़ा झटका लगा है। राजेश वैध बोले- चुनाव खत्म होते ही बढ़ाए दाम इस दौरान कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष राजेश वैध ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें लगातार महंगाई बढ़ा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल सहित पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव खत्म होते ही गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए गए, जिससे आम आदमी की मुश्किलें और बढ़ जाएंगी। कीमतें वापस लेने की मांग, आंदोलन की चेतावनी प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार से मांग की कि कमर्शियल गैस सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतों को तुरंत वापस लिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने यह फैसला वापस नहीं लिया तो कांग्रेस पार्टी जनता के साथ मिलकर सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी। इस मौके जिला उपाध्यक्ष कृष्ण शर्मा, राजेंद्र कल्याण, जिला सचिव सोनू कश्यप, जसबीर पान्नू, सतपाल कश्यप, जोगिंदर चौहान, हरपाल संधू, राजेश कुमार, अभिषेक आदिवाल व अन्य मौजूद रहे।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें