गुरुग्राम से सटे अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (UER-2) हाईवे के छावला फ्लाईओवर पर एक तेज रफ्तार डीजल टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर पलटते ही उसमें भरा सैकड़ों लीटर डीजल सड़क और फ्लाईओवर के नीचे बहने लगा। इस घटना से हाईवे पर गुजरने वाले अन्य वाहन चालकों की सांसें अटक गईं, क्योंकि सड़क पर फैले ज्वलनशील डीजल के कारण वाहनों से निकलने वाली जरा सी चिंगारी भी बड़े विस्फोट या भीषण आग का कारण बन सकती थी। हादसा उस समय हुआ जब डीजल से भरा यह टैंकर यूईआर-2 हाईवे से गुजर रहा था। हादसे के बाद पीछे आ रहे वाहन सावधानी से निकलने लगे। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। जानकारी मिलने पर पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग की टीम मौके पर पहुंची और मेन कैरिज वे से वाहनों को सर्विसलेन की तरफ डायवर्ट किया। जान जोखिम में डाल तेल लूटने की मची होड़
एक तरफ जहां आग लगने के डर से राहगीरों में अफरा-तफरी का माहौल था, वहीं दूसरी तरफ आसपास रहने वाले लोगों के लिए यह मुफ्त का तेल बटोरने का मौका बन गया। दुर्घटना की खबर मिलते ही पास के बड़ी संख्या में लोग अपने घरों से प्लास्टिक की बाल्टियां, केन, डिब्बे और बोतलें लेकर फ्लाईओवर की तरफ दौड़ पड़े। लोग अपनी जान की परवाह किए बिना टैंकर के पास जमा हो गए और बहते हुए डीजल को बर्तनों में भरने लगे। तेल लूटने का वीडियो वायरल टैंकर पलटने से निकले डीजल को लूटने के वीडियो भी सोशल मीडिया तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिसमें लोग खतरनाक स्थिति के बावजूद तेल लूटने में मशगूल दिखाई दे रहे हैं। आधी रात के बाद तक लोग तेल लेकर जाते दिखाई दिए। हालांकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को खदेड़ा, लेकिन फ्लाईओवर के नीचे बह रहे तेल को लोग भरकर ले जाते रहे। पुलिस और पेट्रोलिंग टीम ने स्थिति संभाली
घटना के काफी देर बाद स्थानीय पुलिस और यूईआर-2 हाईवे पेट्रोलिंग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सबसे पहले तेल लूट रहे लोगों को मौके से खदेड़ा और सुरक्षा घेरा तैयार किया। आग लगने की किसी भी संभावना को रोकने के लिए दमकल विभाग को भी सूचित किया गया। इसके बाद हाईवे पर लगे लंबे जाम को खुलवाने के लिए मुख्य फ्लाईओवर को बंद कर वाहनों को नीचे सर्विस लेन की तरफ डायवर्ट किया गया। क्रेन की मदद से टैंकर हटवाया पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को सड़क के बीच से हटाकर किनारे किया और मिट्टी डलवाकर सड़क पर फैले डीजल को साफ करने का काम शुरू कराया, ताकि गाड़ियों के फिसलने का खतरा न रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि टैंकर चालक को मामूली चोटें आई हैं और मामले की जांच की जा रही है कि हादसा वाहन की तकनीकी खराबी के कारण हुआ या तेज रफ्तार की वजह से।
Source link
