गुरुग्राम में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में मृतकों के परिजनों की शिकायत पर अज्ञात वाहन ड्राइवरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 106 के तहत मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-18 क्षेत्र के इफको चौक पर हुए हादसे में मृतक संदीप के छोटे भाई पवन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि संदीप दिल्ली में एक निजी कंपनी में ड्राइवर था। 4 जुलाई को वह निजी काम से गुरुग्राम आया था। दोपहर करीब 12:30 बजे वह अपनी नीले रंग की मैस्ट्रो स्कूटी से दिल्ली लौट रहा था। कार से टकराई स्कूटी आरोप है कि उसके आगे चल रही सफेद रंग की इनोवा कार (HR26 FL0621) के ड्राइवर ने लापरवाही से अचानक दाईं ओर वाहन मोड़ दिया, जिससे स्कूटी कार से टकरा गई। हादसे में संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत सेक्टर-10 के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवाया। परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। एक्टिवा और मर्सिडीज कार की टक्कर वहीं बादशाहपुर क्षेत्र में वाटिका चौक फ्लाईओवर पर सोहना से गुरुग्राम की ओर जाने वाले मार्ग पर हुए हादसे में शिकायतकर्ता अमित ठाकरण ने बताया कि उसका ताऊ का बेटा विपिन कुमार पलवल के मिंडकोला से अपनी एक्टिवा पर गुरुग्राम लौट रहा था। इसी दौरान उसकी एक्टिवा की टक्कर एक मर्सिडीज कार (HR51CP6613) से हो गई, जिससे विपिन की मौके पर ही मौत हो गई। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस हादसे की सूचना मिलने पर परिजन गुरुग्राम शवगृह पहुंचे और शव की पहचान की। पुलिस ने अज्ञात मर्सिडीज ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि वे दुर्घटनास्थलों के पास लगे सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार वाहन चालकों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास तेज कर रहे हैं।
Source link
गुरुग्राम सड़क हादसों में दो युवकों की मौत:एक स्कूटी से दिल्ली लौट रहा था; इनोवा कार से टकराई
