![]()
गुरुग्राम में पांच दिन पहले दौलताबाद में हुई आशीष की हत्या का खुलासा हो गया है। राजेंद्रा नगर थाना पुलिस ने मृतक के सगे भाई अमन को हत्या के आरोप में अरेस्ट किया है। वारदात वाले दिन आशीष और उसका दोस्त घर पर शराब पी रहे थे, जिन्हें अमन ने रोक दिया और घर से चले जाने को कहा। इसी बात को लेकर उनमें झगड़ा हो गया और अमन ने ईंट व कस्सी से सिर पर वार करके उसकी हत्या कर दी। 31 मई को राजेंद्र पार्क थाना पुलिस को गांव दौलताबाद में एक युवक मृत अवस्था में पड़ा होने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, तो उन्हें आशीष खून से लथपथ मृत हालत में मिला था। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए क्राइम सीन टीम व फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों को मौके पर बुलाया गया। पुलिस टीमों द्वारा शव व घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया गया तथा घटनास्थल से विभिन्न साक्ष्य कब्जा पुलिस में लिए गए। उस समय मृतक के परिजनों ने लिखित शिकायत के माध्यम से बताया कि आशिष अपने पुराने मकान में गया था, जहां वह गंभीर चोटों सहित मृत अवस्था में मिला। इस शिकायत एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हत्या की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक उसका सगा भाई था तथा शराब पीने का आदी था। घटना के दिन मृतक के पास एक अन्य व्यक्ति शराब पीने के लिए आया हुआ था। आरोपी द्वारा उस व्यक्ति को घर से जाने के लिए कहने पर मृतक और आरोपी के बीच कहासुनी हो गई। कहासुनी के दौरान दोनों के बीच मारपीट हुई, जिसमें आरोपी ने ईंट व कस्सी से सिर पर वार किए, जिससे मृतक को गंभीर चोटें लगीं और उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया है।
Source link
गुरुग्राम में सगे भाई ने की थी आशीष की हत्या:दोस्त के साथ शराब पीने को लेकर झगड़ा, ईंट और कस्सी मारकर किया मर्डर







