गुरुग्राम में नगर निगम के नोडल अधिकारी आरएस बाठ की रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक शराब ठेके के सेल्समैन से तीखी बहस हो गई। बहस के दौरान सेल्समैन द्वारा जब डॉक्यूमेंट्स दिखाए गए तो आरएस बाठ ने कागज उठाकर सेल्समैन के मुहं पर फेंक दिए। इस घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसके बाद शराब कॉन्ट्रेक्टरों में गुस्सा है। यह घटना उस समय हुई जब नोडल अधिकारी अपनी टीम के साथ क्षेत्र में औचक निरीक्षण और प्रवर्तन कार्रवाई पर निकले थे। इस दौरान एक शराब की दुकान (ठेके) की जांच करते समय नियमों के उल्लंघन को लेकर नोडल अधिकारी और वहां तैनात सेल्समैन के बीच बहस हो गई। बहस के बाद मुहं पर फेंके डॉक्यूमेंट्स जांच के दौरान जब नोडल अधिकारी ने दुकान के संचालन और स्टॉक से जुड़े कागजात मांगे, तो सेल्समैन ने कुछ दस्तावेज अधिकारी के सामने पेश किए। आरोप है कि सेल्समैन के बात करने के लहजे और दस्तावेजों की स्थिति को देखकर अधिकारी अचानक भड़क गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुस्साए नोडल अधिकारी आरएस बाठ ने सेल्समैन के हाथ से कागज छीनकर सीधे उसके मुंह पर मार दिए। अधिकारी की इस आक्रामक कार्रवाई से सेल्समैन और आस-पास के लोग सन्न रह गए। घटना के तुरंत बाद वहां भारी भीड़ जमा हो गई और माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया। ‘मैं कोई चुन्नू-मुन्नू अफसर नहीं हूं’ दस्तावेज फेंकने के बाद मामला शांत होने के बजाय और ज्यादा बिगड़ गया। नोडल अधिकारी ने सेल्समैन से कहा कि मैं कोई चुन्नू-मुन्नू अफसर नहीं हूं जो इन हरकतों को बर्दाश्त कर लूं। उन्होंने तत्काल मोबाइल से शराब की दुकान के मालिक को फोन लगाया। फोन कॉल पर अधिकारी ने बेहद कड़े और सख्त लहजे में मालिक को चेतावनी दी। उन्होंने कहा, ” अपने सेल्समैन को अच्छे से समझा लें कि अधिकारियों से कैसे बात की जाती है। उसे तमीज और अच्छे से बात करना सिखाएं।” उन्होंने मालिक को साफ शब्दों में हिदायत दी कि अगर भविष्य में उनके किसी भी कर्मचारी ने प्रशासन के साथ दुर्व्यवहार किया या नियमों का उल्लंघन किया, तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि वे एक्साइज ऑफिस में आकर मिलें। शराब विक्रेताओं में रोष इस घटना के सामने आने के बाद शराब विक्रेताओं में अधिकारी के इस व्यवहार पर कड़ी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि यदि किसी दुकान में कमी थी तो नियमानुसार चालान या सीलिंग की कार्रवाई की जानी चाहिए थी, लेकिन किसी कर्मचारी के मुंह पर कागज मारना प्रशासनिक मर्यादा के खिलाफ है। नोडल अधिकारी के पक्ष का इंतजार इस बारे में नोडल अधिकारी आरएस बाठ को कई बार कॉल लगाया गया, लेकिन उनकी तरफ से कॉल रिसीव नहीं की गई।
Source link
