गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर- 31 ने अंतरराज्यीय अवैध हथियार नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी जगत सिंह को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी जगत सिंह पिछले 30 सालों से अवैध रूप से हथियार बना रहा था और विदेशी पिस्तौल की हूबहू कॉपी तैयार करने में माहिर था। क्राइम यूनिट ने यह कार्रवाई गुरुग्राम में पहले पकड़े गए आरोपी योगेश और उसके बाद उत्तर प्रदेश के जसवीर से मिली जानकारी के आधार पर की। जगत सिंह, मध्य प्रदेश के एक कमरे में अवैध रूप से हथियार बनाकर देश के कई राज्यों में उनकी आपूर्ति करता था। एसीपी क्राइम नवीन शर्मा ने बताया कि गुरुग्राम पुलिस की क्राइम यूनिट सेक्टर 31 ने पूरी चेन को ट्रैक करते हुए इस अवैध धंधे के मुख्य संचालक तक पहुंचने में सफलता हासिल की। 30 वर्षों से चला रहा था हथियार बनाने की फैक्ट्री मुख्य आरोपी जगत सिंह पिछले लगभग 30 वर्षों से मध्य प्रदेश के एक दूरदराज इलाके में अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री चला रहा था। छापे के दौरान पुलिस ने फैक्ट्री से भारी मात्रा में हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए हैं। पुलिस पूछताछ और रिमांड के दौरान आरोपी जगत सिंह ने खुलासा किया कि बरामद अवैध हथियार उसी ने तैयार किए थे। उसने ये हथियार आरोपी जसबीर को लगभग 60 हजार रुपए में उपलब्ध कराए थे। हरियाणा, यूपी, दिल्ली और गुजरात में करता था सप्लाई पुलिस पूछताछ में सामने आया कि वह गुजरात, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत कई राज्यों में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से बनाए गए हथियारों की आपूर्ति करता था। आरोपी जगत सिंह का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ अवैध हथियार बनाने और आपूर्ति करने के करीब 14 मामले दर्ज हैं, जिनमें वह पहले भी जेल जा चुका है। उन्होंने बताया कि आरोपी मुख्य रूप से देसी पिस्टल और रिवॉल्वर जैसे हथियार तैयार करता था, जिन्हें वह आगे 15 से 20 हजार रुपए में बेचता था। पुलिस ने फैक्ट्री से अवैध हथियार, मैगजीन और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए हैं। फिलहाल कोर्ट ने आरोपी को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। रिमांड के दौरान पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य खरीदारों और गैंगस्टरों की संलिप्तता का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
Source link
गुरुग्राम पुलिस ने अरेस्ट किया अवैध हथियार सप्लायर:30 साल से बना रहा देसी पिस्टल, कई राज्यों में नेटवर्क, 15-20 हजार में बेचता
