![]()
हरियाणा के रोहतक में एक महिला की हत्या कर दी गई। आरोप महिला के पति और उसकी गर्लफ्रेंड पर लगा है। बताया जा रहा है कि दोनों ने रस्सी से गला घोंटा। मर्डर के बाद दोनों महिला की डेडबॉडी घर में ही छोड़कर फरार हो गए। रात भर महिला के 2 बच्चे उसकी डेडबॉडी के पास ही कमरे में रहे। रात भर जब बेटी ने कॉल रिसीव नहीं की तो उसकी मां सुबह उसके घर पहुंची तो वारदात का पता चला और पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने एफएसएल एक्सपर्ट को मौके पर बुलाया, जिसने साक्ष्य जुटाए। फिलहाल, पुलिस महिला के पति और उसकी गर्लफ्रेंड की तलाश कर रही है। साथ ही पता किया जा रहा है कि विवाद किस बात पर शुरू हुआ। यहां सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला… रात को गर्लफ्रेंड आई थी घर, झगड़ा हुआ : मृतका की पहचान नेहरू कॉलोनी निवासी 34 वर्षीय चिंकी के रूप में हुई है। चिंकी का पति गोविंद टाटा कंपनी में काम करता है। दोनों की दस साल पहले शादी हुई थी। दो बच्चे हैं, जिनमें एक लड़का और एक लड़की हे। गुरुवार की रात को गोविंद की गर्लफ्रेंड पूजा घर पर आई। चिंकी को पहले ही पति पर शक था। इस वजह से घर पर झगड़ा हो गया। रस्सी से गला घोंटकर दिया वारदात को अंजाम : मृतका की मां कमलेश के मुताबिक, झगड़े के बाद गोविंद ने गर्लफ्रेंड पूजा के साथ मिलकर चिंकी का रस्सी से गला घोंट दिया। इसके बाद दोनों ने शव को ठिकाने लगाने का योजना बनाई, लेकिन सफल नहीं हुए। इसके बाद दोनों डेडबॉडी को बच्चों के पास कमरे में ही छोड़कर फरार हो गए। मां की कॉल रिसीव नहीं हुई तो सुबह घर पहुंची : रात भर बच्चे डेडबॉडी के पास ही रहे। मां कमलेश के मुताबिक, वह गुरुवार की रात को बेटी चिंकी को कॉल कर रही थी, लेकिन उसने रिसीव नहीं की। शुक्रवार सुबह वह बेटी के घर पहुंची तो घटना का पता चला और पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मां बोलीं- दामाद ने दूसरी औरत के साथ कर रखी थी शादी मृतका चिंकी की मां कमलेश ने बताया कि गोविंद ने दूसरी शादी कर रखी है, जिसके बारे में उन्हें अब पता चला है। दोनों रात को आए थे और हत्या करके चले गए। जब सुबह आकर देखा तो चिंकी मरी पड़ी थी। उसने पुलिस से दोनों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की। दो बच्चों के सिर से उठा मां का साया गोविंद और मृतका चिंकी के 2 बच्चे हैं। वारदात के दौरान दोनों बच्चे घर पर ही थे। पुलिस ने दोनों बच्चों से भी बातचीत की है। मां की मौत और पिता के फरार होने से दोनों बच्चे गुमसुम हैं। वे न तो ज्यादा किसी से बात कर रहे हैं और ना ही कुछ खा पी रहे हैं। फिलहाल, दोनों को चिंकी की मां कमलेश के सुपुर्दगी में दे दिया गया है। पुलिस मामले में कर रही जांच सिटी थाना से जांच अधिकारी एसआई सत्यदेव ने बताया कि उन्हें एक महिला का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डेड हाउस भेज दिया। पुलिस मामले में मृतका के मायके पक्ष की शिकायत पर केस दर्ज कर कार्रवाई करेगी।
Source link
गर्लफ्रेंड के साथ मिलकर पति ने किया पत्नी का मर्डर:रोहतक में 2 बच्चों को डेडबॉडी के पास छोड़कर दोनों फरार; 10 साल पहले शादी हुई







