Related Posts

खेतों में संदिग्ध हालातों में बुजुर्ग महिला की मौत:करनाल में तूड़ी बनाते समय ट्रैक्टर की टक्कर से मौत की आशंका,चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार




करनाल के सांभली गांव में खेत में काम के दौरान संदिग्ध हालातों में बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। बुजुर्ग महिला खेत में गेहूं के दाने एकत्रित कर रही थी, तभी पास में चल रहे ट्रैक्टर से टक्कर लगने की आशंका है। हादसे के बाद ट्रैक्टर मौके पर चालू हालत में मिला, लेकिन चालक फरार था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है। खेत में दाने बीनते समय हुआ हादसा
सांभली गांव निवासी 73 वर्षीय शिमला देवी मंगलवार को गांव के खेतों में गेहूं के दाने एकत्रित करने गई थी। उसी समय खेत में तूड़ी बनाने के लिए ट्रैक्टर से रिप्पर चलाया जा रहा था। आशंका है कि इसी दौरान ट्रैक्टर उसके पास से गुजरा और टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर ट्रैक्टर मिला, चालक और मालिक गायब
गांव के सरपंच संजीव कुमार के अनुसार, हादसे के बाद ट्रैक्टर खेत में चालू हालत में ही मिला, लेकिन मौके पर न तो चालक मौजूद था और न ही खेत का मालिक। ग्रामीणों ने ही इस घटना की सूचना परिवार को दी। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो शिमला देवी के सिर पर गहरी चोट थी और वह खून से लथपथ पड़ी थी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
परिजन घायल महिला को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर करनाल के मोर्च्युरी हाउस में रखवा दिया। परिवार पर पहले से ही दुखों का बोझ
सरपंच संजीव कुमार ने बताया कि शिमला देवी के परिवार पर पहले से ही दुखों का पहाड़ टूटा हुआ है। कोरोना काल के दौरान उनकी पुत्रवधु का निधन हो गया था। इसके बाद उसके चार-पांच बच्चों की जिम्मेदारी शिमला देवी ही संभाल रही थी। 300-400 मीटर दूर था अस्पताल, नहीं मिली मदद
सरपंच ने कहा कि अगर ट्रैक्टर चालक थोड़ी भी सजगता दिखाता तो घायल महिला को पास के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया जा सकता था, जो खेत से करीब 300-400 मीटर की दूरी पर ही स्थित है। लेकिन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस जांच में जुटी, कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों और परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने बताया कि बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा और मामले की जांच जारी है।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें