![]()
कैथल में चीका मार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों को अब जल्द ही गड्ढों से भरे सफर से निजात मिलेगी। सड़क पर 30 एमएम मोटी बिटुमिनस कंक्रीट की परत बिछाकर इसे पूरी तरह मोटरेबल बनाने का प्रस्ताव उच्च अधिकारियों को भेजा है, ताकि फोरलेन काम शुरू होने तक यात्रियों को खराब सड़क की समस्या से निजात मिल सके। हालांकि सड़क को फोरलेन बनाने की प्रक्रिया भी जारी है, लेकिन जब तक फोरलेन निर्माण कार्य शुरू नहीं होता, तब तक सड़क की मरम्मत करने की योजना तैयार की गई है। फोरलेनिंग होनी है सड़क
बता दें कि कैथल-चीका-पटियाला राज्य राजमार्ग को फोरलेन बनाने की प्रकिया पर भी काम चल रहा है। करीब 129.40 करोड़ की लागत से बनने वाले मार्ग को सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय भारत सरकार द्वारा केंद्र से स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। इसके लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार की जा रही है। जल्द डीपीआर तैयार हो जाएगी। प्रशासनिक मंजूरी के बाद फोरलेन का काम शुरू करने के लिए आगामी कार्रवाई पूरी की जाएगी।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मेरठ-सोनीपत-गोहाना-असध-राजौंद-कैथल-चीका पटियाला मार्ग (एसएच-11) के अंतर्गत कैथल से चीका के बीच कुल 33.33 किलोमीटर सड़क कैथल एवं गुहला विधानसभा में आता है। इसमें कैथल शहर, सीवन और चीका नगर क्षेत्र के लगभग 8.67 किलोमीटर हिस्से को पहले ही फोरलेन विकसित किया जा चुका है, जबकि शेष सड़क का चौड़ीकरण किया जाना है। रोजाना गुजरते हैं हजारों वाहन
वर्तमान में सड़क के कई हिस्सों की चौड़ाई केवल 7 से 10 मीटर तक है, जिसके कारण बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए फोरलेन निर्माण आवश्यक माना गया है। यहां से रोजाना हजारों की संख्या में वाहनों की आवाजाही होती है और सड़क खस्ताहाल है। यह कैथल के पंजाब से जोड़ती है। ऐसे में यहां से जाने वाले वाहनों के ड्राइवरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनाई जा रही
लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन वरुण कंसल ने बताया कि विभाग का प्रयास है कि जल्द से जल्द कैथल-चीका रोड पर फोरलेनिंग का कार्य शुरू हो। इसके लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनाई जा रही है। उम्मीद है एक माह में यह रिपोर्ट तैयार हो जाएगी। वहीं जन स्वास्थ्य विभाग और बिजली विभाग की उपयोगिताओं को शिफ्ट करने तथा वन विभाग से आवश्यक स्वीकृतियां लेने की प्रक्रिया भी जारी है। वन विभाग की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए गुहला विधानसभा क्षेत्र के भूना गांव में भूमि की पहचान भी कर ली गई है।
Source link
कैथल में जल्द होगी चीका रोड की मरम्मत:30 एमएम मोटी परत बिछाई जाएगी, फोरलेनिंग की प्रक्रिया जारी







