![]()
भारतीय जनता पार्टी पंजाब प्रदेश के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने विश्व बैंक समूह के अध्यक्ष अजय बंगा को एक अधिकारिक पत्र लिखा है। 23 जून को जारी इस पत्र में ढिल्लों ने पंजाब के युवा किसानों को लेकर हाल ही में अजय बंगा द्वारा दिए गए बयानों पर ज़मीनी हकीकत का हवाला देते हुए आपत्ति जताई है और पंजाब के किसानों के पक्ष में अपनी बात रखी है।
अजय बंगा को ‘बंगा जी’ और ‘सत श्री अकाल’ के आत्मीय संबोधन के साथ लिखे इस पत्र में केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि मीडिया में आई बंगा की टिप्पणी से पंजाब के लोगों और विशेषकर युवा किसानों में काफी गुस्सा और निराशा है। बंगा ने विदेशी चैनल में इंटरव्यू में दिया था बयान
बता दें, विश्व बैंक समूह के अध्यक्ष अजय बंगा ने विदेशी चैनल को एक इंटरव्यू दिया था। जिसमें उन्होंने पंजाब के युवा किसानों को लेकर बयान दिया था। बंगा ने अपने गृह राज्य पंजाब के युवाओं और कृषि अर्थव्यवस्था को लेकर एक महत्वपूर्ण चिंता व्यक्त करते कहा कि पंजाब के कई युवा अपनी पुश्तैनी कृषि भूमि बेचकर थोड़े समय के लिए एसयूवी जैसी गाड़ियां खरीदकर अमीर हो जाते हैं, लेकिन 4 साल में पैसा खत्म होने पर संघर्ष करने लगते हैं और गिग वर्कर बन जाते हैं।
किसान शौक से नहीं, मजबूरी में बेच रहे जमीन-ढिल्लों
केवल सिंह ढिल्लों ने लिखा कि पंजाब के किसान पूरे देश में सबसे ज्यादा मेहनती और हिम्मती हैं। हमारी तीन पीढ़ियों ने अपनी जान और जमीन की परवाह किए बिना पूरे देश का पेट भरा है। पंजाब के किसानों के संघर्ष को किसी एक चश्मे से देखना (स्टीरियोटाइप) गलत है। आज उन्हें हमारी सहानुभूति और सही समाधान की जरूरत है। गांव के लोग जो जमीनें बेच रहे हैं, वह उनका कोई शौक नहीं है, बल्कि मजबूरी है। खेती के अलावा उनके पास कमाई का कोई दूसरा जरिया नहीं है, न ही उन्हें नया काम सीखने (कौशल विकास) की कोई ट्रेनिंग या सही सलाह मिल पा रही है।
नशे के मुद्दे पर पंजाब सरकार फेल, बीजेपी करेगी सफाया
अजय बंगा ने पंजाब में नशे के मुद्दे पर भी बात की थी। इस पर जवाब देते हुए बीजेपी अध्यक्ष ने मौजूदा पंजाब सरकार पर निशाना साधा और कहा कि आज की सरकार इस मोर्चे पर पूरी तरह फेल साबित हुई है। उन्होंने भरोसा दिलाते हुए कहा कि बीजेपी पंजाब से नशे को खत्म करने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह कोई चुनावी वादा नहीं बल्कि हमारा पक्का इरादा है। बीजेपी अपनी पुलिस, नशामुक्ति केंद्रों और आने वाले ‘नशा मुक्त पंजाब’ अभियान के जरिए इसे जड़ से खत्म करेगी।
वर्ल्ड बैंक से मांगा सहयोग
एक पंजाबी होने के नाते केवल सिंह ढिल्लों ने वर्ल्ड बैंक के अध्यक्ष से अपील की कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के साथ मिलकर पंजाब के गांवों की तस्वीर बदलने में मदद करें। उन्होंने वर्ल्ड बैंक से किसानों को नई फसलें उगाने के लिए फंडिंग देने, गांवों में नए बिजनेस और रोजगार के मौके बनाने, किसान परिवारों के बच्चों को नए काम सिखाना और पैसों का सही इस्तेमाल बताने में साथ देने को कहा।
पंजाब फिर से नंबर वन बनेगा
चिट्ठी के आखिर में ढिल्लों ने पूरे भरोसे के साथ कहा कि पंजाब एक बार फिर से उठ खड़ा होगा और अपनी पुरानी शान वापस पाएगा, और इस तरक्की के सबसे बड़े हीरो हमारे किसान ही होंगे। उन्होंने अजय बंगा को इन्विटेशन भी दिया कि वे खुद पंजाब के गांवों में आएं और यहां की जमीनी हकीकत को करीब से देखें।
Source link
केवल ढिल्लों ने विश्व बैंक अध्यक्ष बंगा को दिया जवाब:पंजाब भाजपा अध्यक्ष ने प्रदेश के युवा किसानों पर दिए बयान पर जताई आपत्ति, कहा-पंजाब के किसान देश के सबसे मेहनती और जुझारू







