![]()
बठिंडा में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दौरे से ठीक पहले बीजेपी नेता और डॉक्टर के हैनमैन क्लिनिक पर पेट्रोल बम से हमला किया गया है। हालांकि इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन क्लिनिक के गेट के अंदर खड़ी एक एक्टिवा को आग लग गई। फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, तरसेम गर्ग के हैनमैन क्लिनिक में दो नकाबपोश हमलावर पहुंचे। एक व्यक्ति गेट के बाहर खड़ा होकर बोतल में आग लगा रहा था, जबकि दूसरा घटना का वीडियो बना रहा था। इसी दौरान हमलावर ने क्लिनिक के गेट के अंदर पेट्रोल बम फेंक दिया। क्लिनिक के अंदर मौजूद व्यक्ति ने शोर मचाया, जिसके बाद लोग इकट्ठा हो गए। इस पर हमलावर मौके से फरार हो गए। घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंची पुलिस टीम घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी डॉ. गर्ग से पूछताछ करने और घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे। डॉ. गर्ग ने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और न ही उन्हें कभी कोई धमकी मिली है। हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश पुलिस अधीक्षक (SP) नरेन्द्र सिंह ने बताया कि दो लोगों ने डॉक्टर के क्लिनिक के अंदर पेट्रोल बम फेंका है। पुलिस की सभी टीमें जांच में जुट गई हैं और दोषियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। AAP से नाराज होकर बीजेपी में हुए थे शामिल डॉ. तरसेम गर्ग पहले आम आदमी पार्टी (AAP) पंजाब ट्रेड विंग के सेक्रेटरी पद की दौड़ में थे और बाद में बठिंडा नगर निगम चुनावों के दौरान इस पद पर चुने गए थे। हालांकि, कुछ समय बाद वे आम आदमी पार्टी से नाराज होकर बीजेपी में शामिल हो गए थे। उनके क्लिनिक के ठीक सामने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का एक बड़ा कार्यालय भी है।
Source link
बठिंडा में BJP नेता के क्लिनिक पर पेट्रोल बम हमला:एक्टिवा में लगी आग, शोर मचाने पर नकाबपोश भागे; CM के दौरे से पहले वारदात







