केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कांग्रेस ने इसे छात्रों और युवाओं के लंबे संघर्ष की जीत बताते हुए शनिवार शाम सोनीपत में विजय मार्च निकाला। आज पहले कैंडल मार्च आयोजित किया जाना था, लेकिन बदले हुए राजनीतिक घटनाक्रम के बाद कांग्रेस ने इसे विजय मार्च का स्वरूप दिया। गांधी चौक से शुरू होकर डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क तक पहुंचे इस मार्च में कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं, छात्रों और स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। मार्च के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और छात्रों को न्याय दिलाने की मांग उठाई गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह केवल एक मंत्री के इस्तीफे की बात नहीं, बल्कि देशभर के छात्रों की आवाज और लोकतांत्रिक संघर्ष की जीत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक परीक्षा व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी नहीं बनती और दोषियों को कड़ी सजा नहीं मिलती, तब तक कांग्रेस छात्रों के साथ मिलकर आंदोलन जारी रखेगी। कैंडल मार्च की जगह निकाला विजय मार्च भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कैंडल मार्च के स्थान पर विजय मार्च आयोजित किया। गांधी चौक से शुरू हुआ यह मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बस स्टैंड के निकट स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क पहुंचकर संपन्न हुआ। कमल दिवान और संजीव दहिया ने किया नेतृत्व विजय मार्च का नेतृत्व शहरी जिला अध्यक्ष कमल दिवान और ग्रामीण जिला अध्यक्ष संजीव दहिया ने किया। मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने परीक्षा प्रणाली में पूर्ण पारदर्शिता, छात्रों को न्याय और पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। नेताओं ने नई दिल्ली में छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज और बल प्रयोग की भी निंदा की। ‘सिर्फ इस्तीफा नहीं, शिक्षा व्यवस्था में सुधार जरूरी’ शहरी जिला अध्यक्ष कमल दिवान ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा छात्रों और युवाओं के संघर्ष की बड़ी जीत है, लेकिन केवल मंत्री बदलने से समस्या का समाधान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए, दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई हो और छात्रों का भरोसा बहाल करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी। राहुल गांधी के अभियान का किया उल्लेख ग्रामीण जिला अध्यक्ष संजीव दहिया ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताएं युवाओं की मेहनत के साथ अन्याय हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा शुरू किए गए ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत कांग्रेस युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है। विजय मार्च का उद्देश्य छात्रों के प्रति एकजुटता दिखाना और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था की मांग को मजबूत करना था। आंबेडकर पार्क में दीप जलाकर छात्रों को किया नमन मार्च के समापन पर आंबेडकर पार्क में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किए गए। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नीट पेपर लीक से प्रभावित छात्रों को नमन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और न्याय की कामना की। पार्टी नेताओं ने कहा कि यह संघर्ष केवल छात्रों का नहीं, बल्कि न्याय, शिक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संघर्ष है, जिसे कांग्रेस आगे भी पूरी मजबूती से जारी रखेगी।
Source link
