हिसार जिले के गांव किरमारा में तूफान से हुए नुकसान के मुआवजे की मांग को लेकर किसानों द्वारा दिए जा रहे धरने को शनिवार को कांग्रेस विधायक नरेश सेलवाल का समर्थन मिला। विधायक धरनास्थल पर पहुंचे और किसानों की समस्याएं सुनते हुए उनकी मांगों को पूरी तरह जायज बताया। उन्होंने सरकार से किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने और उचित मुआवजा देने की मांग की। धरने को संबोधित करते हुए विधायक नरेश सेलवाल ने कहा कि 28 मई को आए भीषण तूफान ने क्षेत्र में भारी तबाही मचाई थी। तेज आंधी और तूफान के कारण किसानों के खेतों में लगी सोलर प्लेटें क्षतिग्रस्त हो गईं, बड़ी संख्या में पेड़ गिर गए तथा बिजली ढांचे को भी भारी नुकसान पहुंचा। तूफान से हुआ था नुकसान उन्होंने बताया कि राजीव गांधी थर्मल पावर प्लांट खेदड़ से नुहियांवाली, सिरसा और फतेहाबाद की ओर जाने वाली 400 केवी विद्युत लाइन के कई पोल गांव किरमारा और कनोह क्षेत्र में क्षतिग्रस्त हो गए थे। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग द्वारा क्षतिग्रस्त लाइन को बहाल करने के लिए खेतों के बीच अस्थायी रूप से नए पोल लगाए जा रहे हैं और नई लाइन बिछाई जा रही है। किसानों की चिंता है कि इन पोलों और उनके साथ लगाए जा रहे स्टे वायर के कारण उनकी कृषि भूमि का बड़ा हिस्सा खेती के लिए अनुपयोगी हो जाएगा। वर्तमान में धान की बिजाई का समय है और ऐसे में किसानों को खेती संबंधी गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नुकसान की भरपाई चाहते हैं किसान : सेलवाल सेलवाल ने कहा कि किसान बिजली व्यवस्था को बहाल करने के विरोध में नहीं हैं, बल्कि वे अपनी जमीन और फसल को होने वाले नुकसान की उचित भरपाई चाहते हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि नई नीति के तहत प्रभावित किसानों को भूमि नुकसान का मुआवजा, खेतों की लेवलिंग का खर्च तथा कम से कम तीन वर्षों तक फसल नुकसान की भरपाई सुनिश्चित की जाए। विधायक ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी समस्याओं की अनदेखी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी किसानों के हितों की रक्षा के लिए हमेशा उनके साथ खड़ी रही है और भविष्य में भी उनकी आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी। इस अवसर पर सरपंच टेकराम, दलबीर किरमारा, धर्मपाल, कुलदीप, कलवन, झब्बर, जुगबीर, बांदर लितानी, मास्टर महेंद्र सिंह बिठमड़ा, मदन वर्मा, हवासिंह नैन सहित बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण मौजूद रहे।
Source link
किरमारा में किसानों के धरने पर पहुंचे विधायक नरेश सेलवाल:मुआवजे की मांग को दिया समर्थन, बोले- फसल नुकसान की भरपाई सुनिश्चित की जाए
