![]()
रोहतक जिले में अतिरिक्त उपायुक्त एवं कलानौर विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी नरेंद्र कुमार ने जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य का मतदान केंद्रों पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने बूथ स्तर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एडीसी नरेंद्र कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता सूचियों को त्रुटिरहित और अद्यतन (अपडेट) बनाने के लिए यह विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत बूथ स्तर अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना फॉर्म वितरित कर रहे हैं। भरे हुए फॉर्म एकत्रित कर उनका डिजिटलीकरण किया जा रहा है, साथ ही बीएलओ इन फॉर्म का सत्यापन भी कर रहे हैं। कलानौर में 71 हजार 268 मतदाता सत्यापित : एडीसी अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने कलानौर (अ.जा.) विधानसभा क्षेत्र के आंकड़े साझा करते हुए बताया कि यहां कुल 2 लाख 21 हजार 236 मतदाता हैं। इनमें से 2 लाख 15 हजार 501 फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं, 71 हजार 640 डिजिटाइज किए गए हैं और 71 हजार 268 सत्यापित हो चुके हैं। उन्होंने बूथ स्तर अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण के कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करें। उन्होंने मतदाताओं से भी अपील की कि वे इस अभियान में पूर्ण सहयोग दें और मतदाता गणना प्रपत्र में सही जानकारी उपलब्ध कराएं। ये प्रपत्र 14 जुलाई 2026 से पहले अवश्य जमा करवाएं। यदि किसी मतदाता को इस कार्य में सहायता की आवश्यकता है, तो वे अपने बूथ स्तर अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। समय पर प्रपत्र भरकर लोकतंत्र को और सुदृढ़ करने में योगदान दें।
Source link
कलानौर में एडीसी ने लिया मतदान केंद्रों का जायजा:बीएलओ को दिए निर्देश, बोले- समय से पूरा हो SIR अभियान, 71,640 डिजिटाइज किए गए







