कपूरथला में एक ज्वेलर्स से 75 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि जालंधर के एक कारोबारी दंपति और उनके बेटे ने सोना खरीदने के बहाने यह ठगी की। सिटी थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सिटी थाना के एसएचओ अमनदीप नाहर ने इस बात की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पीड़ित वरुण सेतिया कपूरथला के मुख्य बाजार में ‘आरती ज्वेलर्स’ का संचालन करते हैं। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि उनका जालंधर के पापड़ियां बाजार स्थित ‘एचएस बैंगल्स’ के संचालकों हरप्रीत सिंह लूथरा, उनकी पत्नी और बेटे गुरुप्रताप सिंह के साथ कई वर्षों से व्यापारिक संबंध था। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने वरुण सेतिया को 500 ग्राम सोना 80 लाख रुपए में देने का सौदा किया था। आरोपियों ने चेक भी दिया इस सौदे के तहत, 21 जनवरी 2026 को 25 लाख रुपए नकद दिए गए थे। इसके बाद, 28 जनवरी को 50 लाख रुपए ‘एचएस बैंगल्स’ के बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए। आरोपियों ने गारंटी के तौर पर पीड़ित को 75 लाख रुपए का एक चेक भी दिया था। वरुण सेतिया का आरोप है कि पूरा भुगतान लेने के बावजूद आरोपियों ने उन्हें न तो सोना दिया और न ही उनके पैसे लौटाए। बार-बार संपर्क करने की कोशिश करने पर आरोपियों ने फोन उठाना बंद कर दिया और अपनी दुकान व घर बंद कर फरार हो गए। एसएचओ अमनदीप नाहर ने बताया कि शिकायत के आधार पर हरप्रीत सिंह लूथरा, उनकी पत्नी और बेटे गुरुप्रताप सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मुख्य आरोपी हरप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
Source link
कपूरथला के ज्वेलर्स से 75 लाख रुपए की ठगी:सोना देने का झांसा देकर कारोबारी परिवार फरार; मुख्य आरोपी गिरफ्तार
