![]()
मोगा जिले के गांव चक्क कन्नियां निवासी गुरबचन सिंह से कंबाइन बनाकर देने के नाम पर 36 लाख 50 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। इस संबंध में सरहंद के मनजीत सिंह मैसर्ज दीवान एग्री वर्क्स जी.टी. रोड सरहंद फतेहगढ़ साहिब के खिलाफ धर्मकोट पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस चौकी कमालके के प्रभारी गुरप्रीत सिंह मामले की जांच कर रहे हैं। जिला पुलिस अधीक्षक मोगा को दी गई शिकायत में गुरबचन सिंह ने बताया कि उन्होंने दीवान एग्री कल्चर वर्क्स जी.टी. रोड सरहंद फतेहगढ़ साहिब के मालिक मनजीत सिंह से कंबाइन बनवाने की बात की थी। मनजीत सिंह के कहने पर गुरबचन सिंह ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाहकोट से कर्ज भी पास करवा लिया था। गुरबचन सिंह के अनुसार, मनजीत सिंह ने कंबाइन पर कुल 46 लाख 50 हजार 57 रुपए खर्च होने की बात कही थी। गुरबचन सिंह ने 31 मई 2025 को मनजीत सिंह को डेढ़ लाख रुपए नकद दिए थे। इसके बाद, 38 लाख रुपए का कर्ज पास हुआ, जिसकी राशि मनजीत सिंह के खाते में चली गई। टालमटोल करने लगे मनजीत सिंह मनजीत सिंह ने कंबाइन में ए.सी. केबिन बनाकर देने का वादा किया था, लेकिन उन्होंने केबिन नहीं बनाया और गुरबचन सिंह को 10 लाख रुपए वापस कर दिए। जब गुरबचन सिंह ने कंबाइन देने के लिए कहा, तो मनजीत सिंह टालमटोल करने लगे। इस बीच, कंबाइन का रजिस्ट्रेशन गुरबचन सिंह के नाम पर हो चुका था और वे अपने कर्ज का 1 लाख 78 हजार रुपए ब्याज भी भर चुके थे। उन्हें अपनी फसल भी किसी अन्य व्यक्ति से कटवानी पड़ी। गुरबचन सिंह ने कई बार पंचायत के माध्यम से भी मनजीत सिंह से बात की, जिसमें उन्होंने या तो कंबाइन तैयार करके देने या पैसे वापस करने की मांग की, लेकिन मनजीत सिंह लगातार टालमटोल करते रहे। इस प्रकार, मनजीत सिंह ने गुरबचन सिंह के साथ 36 लाख 50 हजार रुपए की धोखाधड़ी की। जिला पुलिस अधीक्षक मोगा के निर्देश पर धर्मकोट पुलिस ने जांच की और कानूनी राय लेने के बाद कथित आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया। जांच अधिकारी ने बताया कि जांच समय दोनों पक्षों को अपना पक्ष पेश करने के लिए बुलाया गया था। चौकी प्रभारी गुरप्रीत सिंह ने कहा कि कथित आरोपी को काबू करने के लिए छापामारी की जा रही है।
Source link
कंबाइन बनाकर देने के नाम पर 36.50 लाख की ठगी:मोगा में किसान की शिकायत पर फर्म मालिक के खिलाफ केस दर्ज







