![]()
जींद जिले में उचाना के पालवां गांव में पेयजल संकट से जूझ रही महिलाओं ने समाधान शिविर में एसडीएम रमित यादव से शिकायत की। महिलाओं ने आरोप लगाया कि नई पेयजल पाइपलाइन बिछाने के बाद मोहल्ले के 20 से 25 घरों में पानी की आपूर्ति ठप हो गई है। उनका कहना था कि नई पाइपलाइन का लेवल सही नहीं होने के कारण घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा, जबकि पुरानी पाइपलाइन से पर्याप्त पानी मिल रहा था। महिलाओं ने बताया कि इस समस्या को लेकर जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय में कई बार शिकायतें दर्ज कराई गई हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम रमित यादव ने अधिकारियों को तत्काल समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीओ को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि गर्मी के मौसम में लोगों तक पानी नहीं पहुंचा तो नियमानुसार एफआईआर दर्ज करवाई जा सकती है। पाइपलाइन का लेवल ठीक नहीं, नहीं पहुंच रहा घरों तक पानी ग्रामीण महिला कोमल ने बताया कि नई पाइपलाइन बिछाते समय ठेकेदार को लेवल सही रखने के लिए कहा गया था, लेकिन पाइप ऊंचाई पर डाल दी गई। इसी कारण उनके घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि मोहल्ले के कई घरों में सबमर्सिबल पंप नहीं हैं, जिसके चलते उन्हें पीने के पानी के लिए आरओ प्लांट से 100 रुपये देकर पानी भरवाना पड़ रहा है। कोमल ने पुरानी पाइपलाइन को दोबारा चालू करने की मांग की, क्योंकि उससे पहले पानी की कोई समस्या नहीं थी। पहले भी की जा चुकी शिकायत, नहीं हुई कार्रवाई एक अन्य महिला सीता ने बताया कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान ही लेवल की गड़बड़ी की शिकायत की गई थी, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। ठेकेदार ने पानी नहीं आने पर संपर्क करने को कहा था, लेकिन फोन करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। सीता ने बताया कि जन स्वास्थ्य विभाग के जेई ने मौके का निरीक्षण कर दो दिन में समस्या के समाधान का आश्वासन दिया था, परंतु डेढ़ माह बीतने के बाद भी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। एसडीएम बोले- कराई जाएगी मामले की जांच एसडीएम रमित यादव ने कहा कि पालवां गांव की महिलाएं समाधान शिविर में पानी की समस्या लेकर पहुंची थीं। संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कार्य नियमानुसार हुआ है या नहीं, इसकी जांच कराई जाएगी और यदि अनियमितता पाई गई तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने यह भी कहा कि अवैध पानी कनेक्शनों की शिकायत सामने आई है, जिन्हें बंद कराकर प्रत्येक घर तक पेयजल पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
Source link
उचाना में पेयजल संकट पर भड़की महिलाएं:एसडीएम से बोलीं- घरों तक नहीं पहुंच रहा पानी, ठेकेदार ने बरती लापरवाही, कार्रवाई की मांग







