हिसार जिले के उकलाना शहर की वजीर देवी कॉलोनी में पेयजल और बिजली की बदहाल व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष है। कॉलोनी वासियों का आरोप है कि पिछले 3 दिनों से पीने के पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप है। जबकि लगातार हो रही बिजली कटौती ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। कई बार संबंधित विभागों के अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। 3 दिनों से नहीं आ रहा पानी कच्चा आढ़ती एसोसिएशन के पूर्व प्रधान सतपाल जैन, शीशपाल चहल, आनंद अग्रवाल सहित अन्य कॉलोनी वासियों ने बताया कि पिछले 3 दिनों से नलों में पानी नहीं आने के कारण उन्हें पीने का पानी बाहर से खरीदकर या अन्य स्थानों से लाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कई बार शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बिजली कटौती से लोग परेशान कॉलोनीवासियों ने बिजली व्यवस्था पर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि क्षेत्र में पूरी-पूरी रात बिजली गुल रहती है। दिन में शिकायत करने पर कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाती है, लेकिन थोड़ी देर बाद फिर कटौती शुरू हो जाती है। भीषण गर्मी और उमस के बीच लगातार बिजली कटौती से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। पेयजल आपूर्ति और बिजली व्यवस्था को सुचारु कराने की मांग नागरिकों का कहना है कि पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में उनका दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। उन्होंने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से मांग की कि दोनों विभागों को तत्काल निर्देश देकर पेयजल आपूर्ति और बिजली व्यवस्था को सुचारु कराया जाए। कॉलोनीवासियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे मजबूर होकर बिजली निगम के एसडीओ कार्यालय और जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी।
Source link
उकलाना में बिजली और पानी का संकट:3 दिनों से सूखे पड़े नल, बाहर से खरीद रहे पानी; बिजली कटौती से लोग परेशान
