Related Posts

उकलाना में किसानों का धरना 21 जून तक स्थगित:टेल तक पानी पहुंचाने का मिला आश्वासन; कई दिनों से थे परेशान




हिसार जिले के उकलाना में बालक नहर, राणा नहर और पाबड़ा नहर के अंतिम छोर (टेल) तक पर्याप्त नहरी पानी पहुंचाने की मांग को लेकर अग्रोहा क्षेत्र में किसानों द्वारा 8 जून से चलाया जा रहा धरना फिलहाल 21 जून तक स्थगित कर दिया गया है। सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अधिकारियों द्वारा मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिए जाने के बाद किसानों ने यह निर्णय लिया। जानकारी के अनुसार किसान पिछले कई दिनों से तीनों नहरों के टेल क्षेत्रों में पर्याप्त पानी न पहुंचने से परेशान थे। इसी समस्या के समाधान की मांग को लेकर किसान मजदूर संघर्ष समिति के नेतृत्व में धरना दिया जा रहा था। 11 जून को अधीक्षण अभियंता, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के साथ किसानों की विस्तृत वार्ता हुई। अधिकारियों ने किसानों को आश्वस्त किया कि आगामी नहरबंदी के दौरान नहरों की समुचित सफाई करवाई जाएगी तथा इसके बाद बालक, राणा और पाबड़ा नहरों में अंतिम छोर तक पर्याप्त पानी पहुंचाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। कार्रवाई नहीं होने पर फिर होगा आंदोलन अधिकारियों के इस आश्वासन के बाद किसान नेताओं ने आपसी सहमति से धरना 21 जून तक स्थगित करने का निर्णय लिया। किसानों ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को फिर से शुरू करने पर विचार किया जाएगा। इस संबंध में आयोजित किसान मजदूर संघर्ष समिति की बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि समिति के सदस्य अन्य किसान संगठनों के साथ मिलकर सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी के भिवानी में प्रस्तावित घेराव कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस दौरान किसानों की ओर से तीनों नहरों में लगातार दो सप्ताह तक पानी छोड़े जाने की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी। बैठक में ये किसान रहे शामिल बैठक में किसान नेताओं ने कहा कि नहरी पानी की कमी के कारण क्षेत्र के किसानों की फसलें प्रभावित हो रही हैं। ऐसे में टेल क्षेत्रों तक पर्याप्त पानी पहुंचाना बेहद जरूरी है, ताकि किसानों को सिंचाई के लिए किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में राजेंद्र मिल, कामरेड सुरेश कुमार, जगदीश सहारन, समुद्र नंबरदार, सुरेंद्र मलिक, धूप सिंह मलिक, राजकुमार प्रचार, सुधीर मदेरणा, रमेश मंजू, ब्रह्म प्रकाश मलिक, राम प्रताप सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। किसान नेताओं ने उम्मीद जताई कि सिंचाई विभाग अपने आश्वासन पर अमल करते हुए जल्द नहरों की सफाई करवाएगा और टेल क्षेत्रों तक पर्याप्त नहरी पानी पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें