Related Posts

उकलाना में अवैध जल कनेक्शनों पर कार्रवाई:जल संरक्षण अभियान के तहत नोटिस जारी, टीम ने कनेक्शन भी काटे




हिसार जिले में भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते जल संकट के बीच जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने पेयजल की बर्बादी रोकने और जल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाने के उद्देश्य से उकलाना के गांव खैरी में अभियान चलाया। विभाग की टीम ने गांव में निरीक्षण कर अवैध जल कनेक्शनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कई लोगों को नोटिस जारी किए। साथ ही खुले प्लॉटों और अन्य स्थानों पर चल रहे अवैध कनेक्शनों को मौके पर ही काट दिया। यह अभियान विभाग के उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार चलाया गया, जिसका नेतृत्व कनिष्ठ अभियंता अनिल कुमार ने किया। ‘पेयजल की बर्बादी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी’ अभियान के दौरान विभागीय टीम ने गांव का दौरा कर जलापूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण किया, और ऐसे स्थानों की पहचान की जहां पेयजल का दुरुपयोग किया जा रहा था। अधिकारियों ने उन उपभोक्ताओं को चेतावनी दी जो पाइप खोलकर वाहनों की धुलाई कर रहे थे, गलियों में पानी बहा रहे थे और टंकियों को ओवरफ्लो होने तक खुला छोड़ रहे थे। विभाग ने स्पष्ट किया कि पेयजल की बर्बादी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। पानी की चोरी और दुरुपयोग पर अंकुश लगेगा कनिष्ठ अभियंता अनिल कुमार ने बताया कि विभाग का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक घर तक समान रूप से पेयजल पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर अवैध कनेक्शनों और पानी की अनावश्यक बर्बादी के कारण अंतिम छोर पर रहने वाले लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता। इस अभियान से पानी की चोरी और दुरुपयोग पर अंकुश लगेगा, जिससे टेल एंड यानी अंतिम छोर तक रहने वाले उपभोक्ताओं को भी पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध हो सकेगा। अन्य गांवों में भी चलाए जाएंगे विशेष अभियान उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे जल संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी समझें और पानी का उपयोग केवल आवश्यक कार्यों के लिए करें। ग्रामीणों ने भी विभाग की पहल का स्वागत करते हुए जल संरक्षण अभियान में सहयोग देने का भरोसा दिलाया। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में क्षेत्र के अन्य गांवों में भी इसी प्रकार के विशेष अभियान चलाए जाएंगे, ताकि पेयजल की बर्बादी रोकी जा सके और प्रत्येक नागरिक तक सुचारू जलापूर्ति सुनिश्चित की जा सके।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें