उकलाना में साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों के बीच हिसार पुलिस की सक्रियता एक बार फिर लोगों के लिए राहत बनकर सामने आई है। साइबर डेस्क उकलाना ने त्वरित कार्रवाई कर साइबर ठगी का शिकार हुए एक व्यक्ति को उसकी 30 हजार रुपए की ठगी गई राशि वापस दिलाने में सफलता हासिल की है। शिकायतकर्ता ने साइबर ठगी का शिकार होने के बाद मामले की शिकायत साइबर पोर्टल पर दर्ज करवाई थी। शिकायत प्राप्त होते ही साइबर डेस्क उकलाना ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए साइबर डेस्क में तैनात पीएसआई सौरव ने संबंधित बैंक और वित्तीय संस्थाओं के साथ लगातार समन्वय स्थापित किया तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। शिकायतकर्ता ने जताया पुलिस का आभार साइबर टीम के सतत प्रयासों और समयबद्ध कार्रवाई के परिणामस्वरूप शिकायतकर्ता के खाते में 30 हजार रुपए की पूरी राशि सफलतापूर्वक रिफंड करवा दी गई। राशि वापस मिलने पर शिकायतकर्ता ने हरियाणा पुलिस, साइबर डेस्क उकलाना तथा हिसार पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि पुलिस समय पर कार्रवाई नहीं करती तो उसकी मेहनत की कमाई वापस मिलना मुश्किल हो सकता था। तुरंत शिकायत करने से वापस मिल सकती है रकम पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराध के मामलों में शुरुआती कुछ घंटे बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। यदि पीड़ित व्यक्ति तुरंत शिकायत दर्ज करवाता है तो ठगी गई राशि को फ्रीज कर वापस दिलाने की संभावना काफी बढ़ जाती है। इसी कारण साइबर डेस्क लगातार लोगों को जागरूक करने का कार्य भी कर रही है। पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी धोखाधड़ी, यूपीआई फ्रॉड, ऑनलाइन निवेश के नाम पर ठगी, सोशल मीडिया हैकिंग या संदिग्ध लिंक से जुड़ी घटना होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें अथवा साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाएं। पुलिस का कहना है कि समय पर दी गई सूचना ही साइबर ठगी के मामलों में रकम वापस दिलाने की सबसे बड़ी कुंजी है। पुलिस साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
Source link
उकलाना पुलिस ने वापस कराए ठगे गए रुपए:शिकायत दर्ज होते ही साइबर डेस्क ने की कार्रवाई, पीड़ित ने जताया आभार
