![]()
हिसार जिले में उकलाना थाना पुलिस ने पेंट एवं प्लंबर सामान की दुकान और एक सर्विस सेंटर में हुई चोरी की दो वारदातों का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सामान, वारदात में प्रयुक्त दो गाड़ियां तथा एक बाइक भी बरामद की है। जांच अधिकारी एएसआई सुभाष ने बताया कि गांव प्रभुवाला निवासी बजरंग ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि 24 जून की तड़के करीब तीन बजे गांव बूढ़ाखेड़ा स्थित उसकी पेंट एवं प्लंबर की दुकान से अज्ञात चोरों ने सेंध लगाकर पाइप, कंसील्ड फिटिंग, ब्रास सामग्री, एल-बो सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। शिकायत के आधार पर थाना उकलाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। सर्विस सेंटर से चुराया सामान मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए जींद जिले के गांव खासून निवासी गौरव और विकास को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया सामान, वारदात में इस्तेमाल की गई दो गाड़ियां और एक बाइक जब्त की है। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि दोनों आरोपियों ने 23 जून को गांव लितानी के खेतों में स्थित एक सर्विस सेंटर से पानी की मोटर एवं अन्य सामान चोरी करने की वारदात भी अंजाम दी थी। इस संबंध में थाना उकलाना में पहले से मामला दर्ज था। उस वारदात में चोरी किया गया सामान भी पुलिस ने आरोपियों से बरामद कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ कर रही पुलिस उकलाना पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों का क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की घटनाओं से कोई संबंध है या नहीं। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
उकलाना पुलिस ने चोरी दो वारदातों का खुलासा किया:दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद, 2 गाड़ी और बाइक जब्त की







