![]()
अमृतसर के मजीठा रोड स्थित तुंगबाला और सरदार एवेन्यू इलाके में लेबर चौक को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध सामने आया है। मोहल्ला निवासियों का आरोप है कि सरदार एवेन्यू के मुख्य गेट के बाहर बड़ी संख्या में मजदूर और अन्य लोग काम की तलाश में खड़े रहते हैं, जिससे रोजाना आने-जाने में परेशानी होती है। लोगों ने प्रशासन से लेबर चौक के लिए अलग और उचित जगह निर्धारित करने की मांग की है। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, सुबह के समय गेट के बाहर मजदूरों की भीड़ जमा हो जाती है। भीड़ के कारण कई बार रास्ते पर यातायात प्रभावित होता है और ऑटो व अन्य वाहन गेट तक नहीं पहुंच पाते। ऐसे में लोगों को ऑटो लेने के लिए मुख्य बाजार तक जाना पड़ता है। इलाका निवासियों ने महिलाओं और स्कूल-कॉलेज जाने वाली लड़कियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि इस रास्ते से रोजाना बड़ी संख्या में महिलाएं और छात्राएं गुजरती हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि भीड़ में कुछ शरारती तत्व भी शामिल हो जाते हैं, जिससे महिलाओं और लड़कियों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा, स्थानीय लोगों ने इलाके में नशे की कथित गतिविधियों और लड़ाई-झगड़े की घटनाओं को लेकर भी चिंता जताई। कुछ निवासियों ने बुजुर्गों के साथ बदसलूकी की घटनाओं का भी दावा किया। मोहल्ला निवासियों और सरदार एवेन्यू कमेटी का कहना है कि इस समस्या को लेकर पहले भी पुलिस और प्रशासन को शिकायत दी जा चुकी है। पुलिस स्तर पर हुई बातचीत में मजदूरों के लिए पावर कॉलोनी या खंडवाला चौक के पास वैकल्पिक स्थान देने पर चर्चा हुई थी, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया। मामले की जानकारी मिलने के बाद पूर्व विधायक सुनील दत्ती भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय निवासियों की समस्याएं सुनीं और मजदूरों के प्रतिनिधियों से भी बातचीत की। दोनों पक्षों के बीच बातचीत कर ऐसा स्थान उपलब्ध कराने पर सहमति बनाने का प्रयास किया गया, जहां मजदूर काम की तलाश में बैठ सकें और स्थानीय लोगों की आवाजाही भी प्रभावित न हो। निवासियों ने प्रशासन, स्थानीय विधायक और पार्षद से मांग की है कि मजदूरों के लिए शेड, पीने के पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं से लैस स्थायी जगह निर्धारित की जाए। लोगों का कहना है कि इससे मजदूरों को भी सम्मानजनक सुविधा मिलेगी और तुंगबाला व सरदार एवेन्यू के निवासियों की रोजाना की परेशानी का समाधान हो सकेगा।
Source link







