अग्रोहा में जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) विभाग ने बुधवार को भूना रोड स्थित अवैध रूप से विकसित की जा रही कृष्णा कॉम्प्लेक्स कॉलोनी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सड़क नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया। करीब तीन घंटे तक चली इस कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीनों की मदद से कॉलोनी की बनाई गई सड़कों को उखाड़ दिया गया तथा निर्माण के लिए तैयार किए गए नींव भरे प्लॉटों को भी ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट अजीत सिंह (एसडीई, एचएयू) की मौजूदगी में जिला नगर योजनाकार दिनेश कुमार तथा जेई हरि मोहन के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई के दौरान पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात रहा, जिससे पूरा अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। प्लॉट खरीदने से पहले करें पूरी जांच : दिनेश कुमार जिला नगर योजनाकार दिनेश कुमार ने बताया कि अग्रोहा-भूना रोड सहित जिले में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों के खिलाफ विभाग का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि बिना विभागीय स्वीकृति के विकसित की जा रही कॉलोनियों में किसी भी प्रकार का निर्माण कानून के दायरे में नहीं आता और ऐसे निर्माणों को नियमानुसार हटाया जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी कॉलोनी में प्लॉट खरीदने से पहले उसकी वैधता की जानकारी अवश्य लें। डीटीपी कार्यालय से किसी भी कॉलोनी के लाइसेंस और कानूनी स्थिति की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कहा कि अवैध कॉलोनियों में निवेश करने से लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
Source link
अग्रोहा में अवैध कॉलोनी पर चला बुलडोजर:सड़क नेटवर्क ध्वस्त किया, प्लॉटों की नींव उखाड़ी, 3 घंटे चली कार्रवाई
