पलवल में जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत मीटिंग लेते डीसी।
पलवल में जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत हाउस लिस्टिंग का कार्य शुक्रवार से शुरू हो गया है। यह कार्य 30 मई तक जारी रहेगा। जिला प्रशासन ने इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
.
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने संबंधित अधिकारियों के साथ मीटिंग में बताया कि जिले में कुल 2006 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक बनाए गए हैं। इन ब्लॉकों में कार्य संचालन के लिए 1976 प्रगणकों और 330 पर्यवेक्षकों को नियुक्त कर प्रशिक्षित किया गया है।
प्रगणक घर-घर जाकर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जानकारी एकत्रित करेंगे। वहीं, पर्यवेक्षक पूरे कार्य की निगरानी करेंगे और किसी भी तकनीकी या कार्य संबंधी समस्या के समाधान के लिए मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
सरपंचों और पंचायत प्रतिनिधियों से सहयोग की अपील
जिला प्रशासन ने सभी सरपंचों, पंचायत प्रतिनिधियों और आम नागरिकों से इस कार्य में पूर्ण सहयोग की अपील की है। उनसे अनुरोध किया गया है कि वे अपने-अपने गांवों में जनगणना कार्य के सुचारु संचालन के लिए जागरूकता फैलाएं और सही व पूर्ण जानकारी देकर इसे सफल बनाने में सहयोग करें।
उपायुक्त ने कहा कि सटीक जनगणना आंकड़े भविष्य की योजनाओं और विकास कार्यों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। जनगणना से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1855 उपलब्ध है, जहां हरियाणा जनगणना संचालन निदेशालय का स्टाफ सहायता प्रदान करेगा।
