एसआईआर को लेकर अधिकारियों की मीटिंग लेते हुए डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा।
करनाल में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 अभियान के तहत 31 जुलाई को मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि यह सूची 24 जुलाई तक प्राप्त गणना प्रपत्रों के आधार पर तैयार की गई है। उ
.
डीसी सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित बैठक में जिला के सभी निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विधानसभा वार प्राप्त गणना प्रपत्रों और शेष कार्य की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी प्रक्रियाएं तय समयसीमा में पूरी की जाएं, ताकि मतदाता सूची अपडेट करने में कोई देरी न हो।

एसआईआर को लेकर अधिकारियों की मीटिंग लेते हुए डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा।
मैपिंग एरर वाले मतदाताओं को मिलेगा नोटिस
डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि जिन मतदाताओं के नाम प्रारंभिक सूची 2026 में शामिल हैं, लेकिन वर्ष 2002 की मतदाता सूची से उनकी सही मैपिंग नहीं हो पाई है या किसी तकनीकी त्रुटि के कारण समस्या है, उन्हें संबंधित ईआरओ द्वारा नोटिस जारी किए जाएंगे। ऐसे मतदाता 31 जुलाई से 28 सितंबर 2026 तक अपने जरूरी दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर अपने फॉर्म का सत्यापन करवा सकते हैं।
दावे-आपत्तियों की समयसीमा तय
उन्होंने बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 31 जुलाई को होगा। इसके बाद 31 जुलाई से 30 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी। इन दावों और आपत्तियों का निपटान 31 जुलाई से 28 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके उपरांत 3 अक्टूबर 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

करनाल में अधिकारियों की मीटिंग लेते हुए डीसी।
अपील और नए नाम जोड़ने की सुविधा
डीसी ने स्पष्ट किया कि यदि कोई मतदाता ईआरओ के निर्णय से संतुष्ट नहीं है तो वह जिलाधीश के समक्ष अपील कर सकता है। इसके बाद भी असंतोष होने पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी के पास अपील का विकल्प रहेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि यदि किसी कारण से किसी मतदाता का नाम अंतिम सूची में शामिल नहीं हो पाता है, तो वह फॉर्म नंबर 6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकता है। वहीं, मतदाता पहचान पत्र में सुधार के लिए फॉर्म नंबर 8 जमा किया जा सकता है।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर एडीसी डॉ. राहुल रईया, एसडीएम असंध सुमित सिहाग, एसडीएम घरौंडा राजेश सोनी, एसडीएम इंद्री रमन गुप्ता, एसडीएम नीलोखेड़ी अशोक कुमार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं नगराधीश सुरेश कुमार और चुनाव तहसीलदार सुदेश राणा भी मौजूद रहे।







