![]()
कपूरथला में एक फाइनेंस कंपनी की महिला पार्टनर के खिलाफ 9 लाख 30 हजार रुपए की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। थाना सिटी पुलिस ने यह कार्रवाई एक व्यक्ति की शिकायत पर की है। थाना सिटी के एसएचओ अमनदीप नाहर ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की का
.
पुलिस को दी शिकायत में सिटी एन्क्लेव निवासी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि जनवरी 2022 में विक्रमजीत सिंह और उनकी पत्नी रजनी बाला उनके घर आए थे। उन्होंने खुद को ‘राजा फाइनेंस’ कंपनी का संचालक बताया और निवेश के लिए प्रेरित किया। पीड़ित उनके झांसे में आ गया और पहले 3 लाख रुपए दिए। बाद में अलग-अलग समय पर कुल 9.30 लाख रुपए कंपनी में निवेश कर दिए।
पीड़ित बोला- कंपनी पंजीकृत नहीं थी
शिकायतकर्ता गुरप्रीत सिंह ने यह भी बताया कि ‘राजा फाइनेंस’ कंपनी पंजीकृत नहीं थी। विक्रमजीत सिंह ने निवेश की गई रकम के बदले 9.30 लाख रुपये का एक चेक दिया था, जिसकी अदायगी की तारीख 20 फरवरी 2025 थी। हालांकि, चेक की तारीख से पहले ही 7 फरवरी 2025 को विक्रमजीत सिंह का निधन हो गया।
इसके बाद पीड़ित ने कंपनी की पार्टनर रजनी बाला से अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन उन्होंने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। पुलिस ने गुरप्रीत सिंह की शिकायत पर रजनी बाला के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है। आरोपी महिला की गिरफ्तारी अभी नहीं हुई है।







