ग्रामीणों ने महिला को पकड़ा और उसकी डंडे से पिटाई की।
जालंधर के एक गुरुद्वारे में बुधवार को बेअदबी की गई। एक महिला ने अचानक गुरुद्वारे में घुसकर गुटका साहिब उठा लिया और उसके अंग फाड़ दिए। उससे पहले महिला ने गुरुद्वारे में तालियां बजाकर काफी हंगामा भी किया।
.
गुरुद्वारे में मौजूद बच्चे इसे देखकर डरकर बाहर भाग गए। उन्होंने घटना की सूचना ग्रामीणों को दी। इसके बाद ग्रामीणों ने महिला को पकड़ा और डंडे से उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद पुलिस बुलाई गई। महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हेड ग्रंथी के भी बयान दर्ज किए गए हैं।

संगवाल गांव स्थित श्री गुरु रविदास गुरुद्वारा साहिब में यह घटना हुई है।
गुरुद्वारे में नहीं था कोई सेवादार
जानकारी के अनुसार, यह घटना जालंधर के संगवाल गांव स्थित श्री गुरु रविदास गुरुद्वारा साहिब में घटी। गांव की सरपंच प्रवीण कुमारी ने बताया है कि बुधवार शाम करीब 7 बजे गुरुद्वारे में कोई सेवादार नहीं था। केवल कुछ बच्चे ही मौजूद थे। उसी समय महिला गुरुद्वारा साहिब में दाखिल हुई।
सरपंच ने बताया कि अंदर घुसते ही महिला तालियां बजाने लगी। वह जोर-जोर से चिल्ला रही थी और हंस रही थी। इससे गुरुद्वारा साहिब के अंदर मौजूद बच्चे डर गए। इसके बाद महिला ने गुटका साहिब को उठा लिया। थोड़ी देर उसे देखती रही, फिर अंग फाड़ डाले। बच्चों ने ही बाहर आकर गांववालों को बेअदबी की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने महिला को पकड़ लिया।

संगवाल गांव स्थित श्री गुरु रविदास गुरुद्वारा साहिब। – फाइल फोटो
सरपंच बोलीं- महिला को कभी नहीं देखा
सरपंच ने यह भी बताया कि महिला को पहली बार गांव में देखा गया है। जब उससे पूछताछ की गई तो वह किसी दूसरी भाषा में बात करने लगी। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस आरोपी महिला को थाने ले गई।
महिला मूल रूप से बिहार की रहने वाली
वहीं, किशनगढ़ चौकी इंचार्ज कुलदीप ने बताया कि उन्हें कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि श्री गुरु रविदास गुरुद्वारा साहिब में एक महिला ने गुटका साहिब के पन्नों को फाड़कर बेअदबी की है। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे। इस दौरान घटनास्थल पर हेड ग्रंथी कमलजीत ने शिकायत दी।
हेड ग्रंथी ने पुलिस को बताया कि वह रोजाना की तरह वह गुरुद्वारा साहिब में पाठ कर रहे थे। थोड़ा ब्रेक लेकर वह बाथरूम चले गए। उस समय गुरुद्वारा साहिब में बच्चे मौजूद थे। इसी दौरान महिला ने अंदर आकर गुटका साहिब की बेअदबी की। चौकी इंचार्ज ने बताया कि हेड ग्रंथी के बयानों के आधार पर मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि महिला का नाम राधिका है। वह मूल रूप से बिहार की रहने वाली है। उसकी दिमागी हालत ठीक नहीं लग रही। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। उसका मेडिकल भी करवाया जाएगा।
॰॰॰॰॰॰॰॰॰
यह खबर भी पढ़ें…
तरनतारन के गुरुद्वारे में बेअदबी की कोशिश, प्रकाश स्थान पर चढ़ी महिला

तरनतारन में शनिवार शाम को एक गुरुद्वारे में बेअदबी की कोशिश की गई। गुरुद्वारे में माथा टेकने आई एक महिला अचानक प्रकाश स्थान के पास बने थड़े पर चढ़ गई। उसने वहां रखे शस्त्र उठाने की कोशिश की। हालांकि उससे पहले एक अन्य महिला ने उसे नीचे उतार लिया। पढ़ें पूरी खबर…







