फोटो क्रेडिट- भास्कर कार्टूनिस्ट मंसूर नकवी।
हरियाणा में नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET-UG) 21 जून को है। इसे लेकर सरकार ने गाइडलाइन जारी कर दी है। सबसे खास बात कि हिसार एयरपोर्ट पर वायुसेना के विशेष विमान से एग्जाम पेपर लाए गए है। हालांकि यह जानकारी नहीं दी गई है कि पेपर कहां रखे गए
.
इसके अलावा हरियाणा सरकार ने कल 20 जून से ही कोचिंग सेंटरों को बंद रखने का आदेश दिया है। दो दिन यानि 21 जून तक पूरे हरियाणा में कोचिंग सेंटर और परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटो स्टेट की दुकानें बंद रहेंगी। इन दो दिनों में बिजली कट भी नहीं लगेंगे।
सीएम नायब सिंह सैनी के आदेश के बाद नीट री-एग्जाम के लिए उम्मीदवारों को रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा सुविधा देने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में राज्य परिवहन निदेशालय की ओर आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिया गया है। यदि किसी परीक्षार्थी की बस छूट गई तो उसे राइडर सेंटर तक पहुंचाएंगे।
इसके अलावा बीकानेर रेल मंडल ने भी हरियाणा के परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए 3 स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। प्रदेश के चार जिले हिसार, रेवाड़ी, भिवानी, सिरसा जिले बीकानेर मंडल में आते हैं।
हिसार में परीक्षा केंद्रों के बाहर जांच करती पुलिस। फाइल फोटो
हरियाणा में पेपर को लेकर इस तरह की गईं तैयारियां…
- हरियाणा के 19 शहरों में होगी परीक्षा: हरियाणा के 19 शहरों में 21 जून को दोपहर 12 बजे से नीट 2026 शुरु होगी। इस बार किसी तरह की सुरक्षा चूक न हो, इसके लिए केंद्र सरकार के आदेश पर एनटीए ने व्यापक बदलाव किए हैं। पहली बार पेपर के बंडल हवाई जहाज से मंगाए गए है। परीक्षा केंद्रों की तीन स्तरीय जांच होगी। पहले चरण में 14 जून को सभी केंद्रों की फिजिबिलिटी जांची गई थी।
- ट्रेजरी में पहुंचाए जाएंगे पेपर : एग्जाम पेपर को वायुसेना पुलिस की निगरानी में जिला कोषागार यानी ट्रेजरी में पहुंचाएगी। इसके बाद हर एक परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के लिए पुलिस की टीम के साथ एक नोडल अधिकारी होगा। पेपर बंडल को सरकारी वाहन में ही केंद्र तक पहुंचाया जाएगा। हर एक स्तर पर पेपर सील की चेकिंग की जाएगी।
- 20 और 21 जून को और जांच होगी : नीट परीक्षा को लेकर 20 और 21 जून को दूसरे- तीसरे स्तर पर जांच की जाएगी। दो चरण में होने वाली इस परीक्षा में हजारों विद्यार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश सुबह 11:30 बजे से शुरू होकर 1:30 बजे तक रहेगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी। विद्यार्थियों को समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई है।
परीक्षार्थियों को केंद्रों तक पहुंचाने के लिए ये रहेगी व्यवस्था…
- सिटी बसें पहुंचाएंगी केंद्र तक : हर जिले में परीक्षा केंद्रों पर जाने के लिए परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए सिटी स्पेशल बसें चलाई जाएगी। यह बस परीक्षार्थियों को लाने- ले जाने चलाई जाएंगी। हिसार रोडवेज डिपो प्रबंधन ने 4 रूट तय किए हैं। परीक्षा केंद्र के अंदर परीक्षार्थियों का प्रवेश दोपहर 12 बजे प्रवेश करना है। रोडवेज ने बसों का संचालन बस स्टैंड से सुबह 9 बजे तय किया। वहां से परीक्षा केंद्रों के लिए सुबह 9 बजे ये बस रवाना होगी। इसके बाद परीक्षा खत्म होने पर परीक्षार्थियों को वहां से बस स्टैंड तक छोड़ने की भी व्यवस्था की जाएगी।
- बस छूटी तो राइडर पहुंचाएंगे : परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की ओर से बस अड्डों पर बाइक राइडर भी तैनात किए जाएंगे। जो परीक्षार्थियों को शीघ्रता से उनके परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने में सहयोग करेंगे। ड्यूटी मजिस्ट्रेट, नोडल अधिकारियों और पुलिस विभाग के अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देश दिए गए हैं कि वे परीक्षा के दिन पूरी तरह सतर्क रहें। आवश्यकता पड़ने पर अभ्यर्थी को सरकारी वाहनों के माध्यम से उसे केंद्र तक पहुंचाएं। आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल कर इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल की सहायता ले सकता है।
बीकानेर मंडल नीट परीक्षा को लेकर 3 स्पेशल ट्रेन चलाएगा
1. ट्रेन संख्या 09741 रेवाड़ी-भटिंडा : यह ट्रेन रेवाड़ी से दिनांक 20 जून को 22.30 बजे रवाना होकर 22.57 बजे कोसली, 23.15 बजे झाडली, 23.29 बजे चरखी दादरी, 23.53 बजे भिवानी, 00.33 बजे हांसी, 01.25 हिसार, बजे 02.12 बजे मंडी आदमपुर,2.30 बजे भट्टू ,3.25 बजे सिरसा, 3.54 बजे कालांवाली, 04.08 बजे रामां, 06.50 बजे भटिंडा पहुंचेगी l 2. ट्रेन संख्या 09742 भटिंडा-रेवाड़ी : यह ट्रेन 21 जून को भटिंडा से 19.45 बजे रवाना होकर 20.30 बजे रामां, 20.37 बजे कालांवाली, 21.15 बजे सिरसा, 21.49 बजे भट्टू, 22 .07 बजे मंडी आदमपुर, 23.15 बजे हिसार, 23.47 बजे हांसी, 00.30 बजे भिवानी, 00.57 बजे चरखी दादरी, 01.11बजे झाडली, 01.30 बजे कोसली व 3.20 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी l 3. ट्रेन संख्या 04741, बीकानेर-ढेहर का बालाजी : यह ट्रेन 20 जून को बीकानेर से 20.30 बजे रवाना होकर अगले दिन 05.50 बजे ढेहर का बालाजी पहुंचेगी। इसके अलावा स्पेशल ट्रेन संख्या 04742, 21 जून को ढेहर का बालाजी से 19.00 बजे रवाना होकर अगले दिन 05.00 बजे बीकानेर पहुंचेगी। यह रेलसेवा मार्ग में श्रीडूंगरगढ, राजलदेसर, रतनगढ, चूरू, सादुलपुर, लोहारू, सूरजगढ़, चिडावा, झुंझुनूं, नवलगढ, सीकर, पलसाना, रींगस, गोविन्दगढ मलिकपुर व चौमू सामोद स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
सिरसा में नीट परीक्षा को लेकर मीडिया को जानकारी देते हुए सीएम नायब सिंह सैनी
नीट एग्जाम को लेकर सीएम ने सिरसा में ली मीटिंग…
शुक्रवार को सिरसा पहुंचे सीएम नायब सिंह सैनी ने नीट को लेकर मीटिंग ली। मीटिंग में पुलिस, प्रशासिनक और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। सीएम ने कहा कि हमारी ओर से पूरी तैयारियां है और एग्जाम बेहतर तरीके से कराया जाएगा। अभ्यर्थियों के लिए कोई किराया नहीं लगेगा और हमने अपनी बसों में भी किराया फ्री किया है।
एसपी दीपक सहारन ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर स्वच्छ वातावरण, पर्याप्त वेंटिलेशन, पेयजल, बिजली तथा अभ्यर्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनुचित गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। धारा 163 के तहत परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष प्रतिबंध लागू किए हैं।
आदेशों के अनुसार परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में अनावश्यक व्यक्तियों का पूर्ण प्रतिबंधित रहेगा। बिना अधिकृत पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर क्षेत्र में फोटोस्टेट दुकानों एवं कोचिंग संस्थानों के संचालन पर भी रोक रहेगी।
