spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

AAP MPs Join BJP | Raghav Chadha Calls Party Corrupt; DIG ED Raid


.

पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर सस्पेंड DIG पर ED की रेड से जुड़ी रही। टीम ने 11 ठिकानों पर जांच की, इनोवा गाड़ी से एक बैग और डॉक्यूमेंट बरामद किए गए हैं।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. सस्पेंड DIG पर ED रेड, 11 ठिकानों पर जांच, बैग मिला

करप्शन केस में अरेस्ट पंजाब पुलिस के सस्पेंड DIG हरचरण सिंह भुल्लर के 11 ठिकानों पर ED ने रेड की। ED की टीमें चंडीगढ़ में 2, लुधियाना में 5, पटियाला में 2 और जालंधर व नाभा में 1-1 ठिकानों की जांच कर रही है। इस दौरान एक इनोवा गाड़ी से एक बैग और डॉक्यूमेंट बरामद किए गए।

भुल्लर पर यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट की धारा 17 के तहत की जा रही है। जिसके जरिए उनकी बेनामी संपत्ति की जांच की जा रही है। चंडीगढ़ की स्पेशल कोर्ट ने 25 अप्रैल को ही केस चलाने की परमिशन दी थी। भुल्लर केस में ED की कई IAS और IPS अफसरों पर भी नजर है, जिनकी बेनामी संपत्ति ठिकाने लगाने का कनेक्शन भुल्लर से जुड़ा है।

भुल्लर इस वक्त जेल में हैं। उन्हें 16 अक्टूबर 2025 को अरेस्ट किया गया था। जिसके बाद घर की जांच में उनके घर से 7.36 करोड़ रुपए का कैश, गहने, लग्जरी घड़ियां मिलीं थीं। इसके अलावा उनके परिवार के नाम पर 50 से अधिक अचल संपत्तियों के दस्तावेज, मर्सिडीज और ऑडी जैसी लग्जरी कारें, चार हथियार व 108 विदेशी शराब की बोतलें भी बरामद हुई थी। सुप्रीम कोर्ट से उनकी जमानत खारिज हो चुकी है।(पढ़ें पूरी खबर)

2. राघव चड्‌ढा बोले- AAP चंद करप्ट-कॉम्प्रोमाइज्ड लोगों की पार्टी

आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़ BJP जॉइन करने के बाद राज्यसभा सांसद राघव चड्‌ढा ने पहला वीडियो जारी किया। राघव चड्‌ढा ने कहा कि AAP में टॉक्सिक वर्क एन्वॉयरमेंट हो गया था। काम करने-बोलने से रोका जा रहा था। यह पार्टी अब चंद करप्ट और कॉम्प्रोमाइज लोगों के हाथ में फंसकर रह गई है। ये पर्सनल फायदे के लिए काम करते हैं।

राघव ने कहा कि मैं गलत हो सकता हूं लेकिन कुल 7 सांसदों ने पार्टी छोड़ी तो क्या सारे गलत हो गए। इससे पहले भी जिन लोगों ने पार्टी छोड़ी, क्या वह भी गलत हो गए। मैं पार्टी का फाउंडर मेंबर रहा। जिस मकसद से यह पार्टी बनी थी, अब ये वह पार्टी नहीं रही। मेरे पास 3 ऑप्शन थे, मैंने पार्टी छोड़ना ही उचित समझा।

इसी बीच राज्यसभा ने AAP के 7 सांसदों और BJP के मर्जर को मंजूरी दे दी है। अब राघव चड्‌ढा, अशोक मित्तल, विक्रमजीत साहनी, हरभजन सिंह भज्जी, डॉ. संदीप पाठक, स्वाति मालीवाल और राजिंदर गुप्ता को ऑफिशियल तौर पर BJP के सांसद बन गए हैं। अब राज्यसभा में भाजपा के 113 सांसद हो गए हैं (पढ़ें पूरी खबर)

3. कनाडा में बुजुर्ग सिख को धक्के मारने वाले से माफी मंगाई, घुटनों के बल बैठाया

कनाडा में बुजुर्ग सिख को धक्का मारने और देश से निकलने की बात कहने वाले युवक ने अब घुटनों के बल बैठकर माफी मांगी है। 25 अप्रैल को बुजुर्ग को पीटा गया था, इसका पता जैसे ही इंडियन कम्युनिटी के युवकों को चला तो वो उसे ढूंढते हुए उसके घर जा पहुंचे। इनमें ज्यादातर पंजाबी युवक थे।

युवक ने अपने घर की तरफ मास्क लगाए और ब्लैक हुड्डी पहले 10 के करीब लड़कों को आते देखा तो लड़ाई के माहौल से बचने के लिए पहले ही हाथ खड़े कर सरेंडर कर दिया। भारतीय मूल के युवकों ने पूछा कि क्या तुम माफी मांगोगे, तो इस पर आरोपी ने कहा कि वह माफी मांगता है। इसके बाद युवकों ने कहा कि घुटनों के बल बैठकर माफी मांगों। इसके बाद आरोपी युवक घुटनों के बल बैठता है और कहता है कि मुझे माफ कर दो।

कनाडाई युवक ने कहा कि वह घटना के लिए माफी मांगता है। उसे दुख है कि उसने एक बुजुर्ग के साथ इस तरह का व्यवहार किया है। जैसे ही भारतीय मूल के युवा आरोपी के घर पहुंचे तो उसने हाथ उठाकर माफ करने के लिए कहा। दरअसल, बुडस्टाक एरिया में 25 अप्रैल को मास्क कनाडाई युवक ने बुजुर्ग पर नस्लीय टिप्पणियां की थी। इस घटना को देख वहां मौजूद दूसरे लोगों ने तुरंत पुलिस को कॉल कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को जमीन पर गिराकर अरेस्ट कर लिया है। (पढ़ें पूरी खबर)

4. चंडीगढ़ पुलिस फर्जी इंस्पेक्टर ढूंढ रही

चंडीगढ़ में नगर निगम का फर्जी इंस्पेक्टर लोगों से वेंडर लाइसेंस बनाने के लिए 5-6 हजार रुपए वसूल रहा है। वो सरेआम दुकानों पर आता और वसूली करता है। इसकी शिकायत टाउन वेंडिंग कमेटी के मेंबर्स ने चंडीगढ़ SSP, डिप्टी कमिश्नर और पुलिस स्टेशन-39 को दी है। मामले का पता चलते ही नगर निगम कमिश्नर ने SSP कंवरदीप कौर को फोन किया। जिसके बाद SSP ने कार्रवाई करते हुए DSP साउथ वेस्ट धीरज कुमार को आरोपी को पकड़ने की जिम्मेदारी सौंपी।

इस दौरान रेहड़ी वाले मोहम्मद मुनव्वर हुसैन ने बताया कि उसका भी फर्जी कार्ड बनाया गया। आरोपी उसके पास सेक्टर-41 में आया था और उसने खुद को नगर निगम वेंडर सेल का इंस्पेक्टर बताया। उसने कहा कि वह उनका आई कार्ड बनवा देगा और इसके लिए 5 हजार रुपए लगेंगे।

मुनव्वर को जरूरत थी, इसलिए उसने हामी भर दी और उसी समय 500 रुपए नकद दे दिए, जबकि बाकी 4,500 रुपए बाद में देने थे। आई कार्ड मिलने के बाद जब उसने इसे किसी को दिखाया, तो पता चला कि यह फर्जी है। इसके बाद उसने बाकी पैसे नहीं दिए। सेक्टर 42 राधे मार्केट वेंडर मार्केट के प्रधान व चंडीगढ़ टाउन वेंडिंग कमेटी के मेंबर नवनीत चावला और मुकेश गिरी की तरफ से पुलिस को शिकायत दी गई है। फर्जी इंस्पेक्टर की ID वाली फोटो भी पुलिस को दी गई है (पढ़ें पूरी खबर)

5. 9 नगर निगमों के चुनाव 24 मई को

पंजाब के 9 नगर निगमों अबोहर, मोहाली, होशियारपुर, बठिंडा, बटाला, बरनाला, पठानकोट, मोगा और कपूरथला में चुनाव मई के अंत तक होना लगभग तय है। सरकार और प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक इसकी संभावित तारीख 24 मई भी तय हो चुकी है। हालांकि, अंतिम फैसला राज्य चुनाव आयोग को ही करना है। अगर कोई बड़ा पेच नहीं फंसता तो जल्द ही इसकी घोषणा हो जाएगी।

इस बार 50 फीसदी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित रहेगी। इससे स्थानीय निकायों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी। सरकार ने इसकी तैयारियां भी पूरी कर हैं। इन क्षेत्रों में प्रशासनिक और राजनीतिक सरगर्मी भी तेज हो चुकी हैं। बता दें कि इससे पहले इन शहरों में 2021 में चुनाव हुए थे।

इन चुनावों के नतीजों का असर राज्य की राजनीति पर भी देखने को मिलता रहा है। खासकर, 2027 की शुरुआत में पंजाब में विधानसभा चुनाव होने हैं, उसके लिए इन चुनावों से कोई संकेत मिल सकता है। इसके अलावा इसी साल 5 अन्य निगमों अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, पटियाला और फगवाड़ा के भी चुनाव हो सकते हैं।

6. पत्नी को बुलाने के लिए बेटी की हत्या की, अंतिम संस्कार भी किया

पटियाला के राजपुरा में बाप ने अपनी मासूम बेटी का कत्ल कर दिया। फिर चुपचाप उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया। बेटी की उम्र 12 साल थी। पति व पत्नी के बीच लंबे समय से झगड़ा चल रहा था और दोनों अलग-अलग रहते हैं। पति डेढ़ साल से अलग रह रही पत्नी को वापस बुलाने के लिए उस पर दबाव डाल रहा था। उसने पत्नी को कई बार बेटी को जान से मारने की धमकी भी दी। पत्नी उसके बाद भी वापस नहीं आई तो उसने अब बेटी की हत्या कर दी।

मां को जब बेटी की मौत का पता चला तो वह गांव अलीपुर पहुंची। उसने जब अपनी बेटी के बारे में पूछा तो पति ने उसकी मौत होने व संस्कार की बात कही। जिसके बाद उसने पुलिस को शिकायत दी और पति पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने पत्नी की शिकायत पर पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर दिया है।

पत्नी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसके पति के साथ रोज लड़ाई के कारण करीब डेढ़ साल पहले वह पति को छोड़कर अलग रहने लगी। उसने बताया कि जब से वो अलग हुई लगतार उसका पति वापस आने का दबाव डाल रहा था। बेटी उसके साथ थी तो वो हर बार कहता था कि अगर वापस नहीं आई तो बेटी की हत्या कर दूंगा। पहले भी उसने ऐसी धमकी दी थी (पढ़ें पूरी खबर)

7. पंजाब में 3 दिन बिजली कट झेलने पड़ सकते हैं, मंत्री अरोड़ा बोले- 1 मई से शार्टेज नहीं रहेगी

पंजाब में लोगों को 3 दिन और बिजली कट झेलने होंगे। चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बिजली मंत्री संजीव अरोड़ा ने कहा कि एक मई से बिजली की शॉर्टेज नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि पिछले सालों के मुकाबले मई-जून जैसी डिमांड अप्रैल में ही बढ़ गई, इस वजह से अचानक बिजली की कमी हुई। इस वजह से शोर ज्यादा मच रहा है। मगर, जल्द इसे दूर करने के लिए सारे प्लांट फंक्शनल किए जा रहे हैं।

वहीं इंडस्ट्री को ओपन मार्केट से बिजली खरीदने की छूट दी जा रही है। मंत्री की बातों से यह भी खुलासा हुआ कि अभी तक पंजाब के थर्मल प्लांटों की रिपेयर भी पेंडिंग है क्योंकि उसके लिए सरकार ने 25 मई तक का टाइम सेट किया था। वहीं एक थर्मल प्लांट बाढ़ के बाद से ही बंद पड़ा है। ऐसे में बिजली शॉर्टेज को लेकर सरकार की प्लानिंग पर भी सवाल उठ रहे हैं।

इस दौरान मंत्री संजीव अरोड़ा से पत्रकारों ने पूछा कि उनकी भी 7 सांसदों के की तरह AAP छोड़ने की चर्चा है। इस पर अरोड़ा ने कहा कि मैं पंजाब सरकार का मंत्री हूं। मेरी 6-8 महीने से राघव चड्‌ढा से बात नहीं हुई है। मैं कैबिनेट मंत्री के तौर पर ही बात कर रहा हूं। (पढ़ें पूरी खबर)

8. 30 रुपए के लिए युवक की हत्या, क्वार्टर के बाहर मिला शव

कपूरथला के नडाला कस्बे में युवक की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। यह वारदात 30 रुपए के मामूली विवाद को लेकर हुई। परिवार ने कहा कि उन्होंने बीच-बचाव कर पहले उसे उसके क्वार्टर में छोड़ दिया था।

सोमवार सुबह जब वह उसको लेने दोबारा क्वार्टर पर गए, तो उन्होंने देखा कि उसका शव गेट के पास पड़ा था। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मृतक की पहचान 22 वर्षीय सूरज कुमार के रूप में हुई है।

एसपी-डी हरिंदर सिंह गिल ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक के पिता के बयान के आधार पर थाना सुभानपुर में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। जिन लोगों के साथ सूरज का झगड़ा हुआ था, उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटनास्थल की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। (पढ़ें पूरी खबर)

9. कनाडा में पंजाबी युवती की मौत, सीढ़ियों पर मिला शव

पंजाब के अहमदगढ़ की युवती की कनाडा के ब्रैम्पटन में मौत हो गई। उसका शव घर की सीढ़ियों के पास मिला है। उसकी मौत कैसे हुई इसके बारे में परिवार को भी अभी तक कुछ भी पता नहीं है। वह करीब साढ़े 3 साल पहले कनाडा गई थी। परिजनों के मुताबिक उसके शरीर पर कोई भी चोट के निशान नहीं हैं।

मृतका की पहचान प्रतिभा (29) के नाम से हुई है। सोशल एक्टिविस्ट राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि उसके माता पिता अब बेटी का शव लेने के लिए भारत सरकार से मदद की गुहार लगा रहे हैं। इसके लिए उन्होंने सांसद अमर सिंह से संपर्क किया है और उसके जरिए विदेश मंत्रालय से मदद मांगी है।

राकेश कुमार शर्मा ने बताया प्रतिभा जिस घर में किराए पर रहती थी। शनिवार की दोपहर संजीव और उनकी पत्नी इंदु जिंदल बेहद खुश थे। प्रतिभा ने फोन पर उनसे लंबी बात की थी और वह अपने काम व जीवन को लेकर काफी उत्साहित थी। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर हटके

10. दूसरी शादी में पहुंच गई पहली पत्नी, दूल्हा दीवार फांदकर फरार

फाजिल्का के जलालाबाद में युवक दूसरी शादी कर रहा था। तभी उसकी पहली पत्नी पहुंच गई। इससे वहां हंगामा मच गया। ये देख दूल्हा दीवार फांदकर फरार हो गया। यह वाक्या उस वक्त हुआ, जब दूसरी शादी पूरी हो चुकी थी और डोली की विदाई होने वाली थी। पहली पत्नी बताने वाली महिला ने दावा किया कि उनकी हाईकोर्ट में शादी हुई। एक बेटी भी है। आरोपी 9 साल से उसके साथ रह रहा है।

ईधर जब दुल्हन के परिजनों को पता चला कि दूल्हा पहले से शादीशुदा है तो वह हैरान रह गए। वह इकट्‌ठे होकर शादी वाली जगह पर पहुंचे तो दूल्हा और बाराती फरार हो चुके थे। दुल्हन के पिता ने कहा कि बिचौलियों ने उनके साथ धोखा किया है। एक तो उसके लाखों रुपए खर्च कर दिए गए और दूसरा लड़की की जिंदगी खराब कर दी।

दुल्हन के पिता ने कहा कि परिवार ने शादी पर लगभग 5 लाख रुपये खर्च किए और दहेज में सोफा, बेड और अलमारी तक दूल्हे के घर भेज दी थी। बिचौलियों ने हमारे साथ धोखा किया है। मेरी बेटी की जिंदगी बर्बाद कर दी। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मचारी हरभजन सिंह ने कहा कि बयान दर्ज किए जा रहे हैं और दूल्हे के खिलाफ बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Popular Articles