![]()
कांग्रेस सांसद जयप्रकाश (जेपी) शनिवार शाम हांसी के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस पहुंचे। इस दौरान उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है, खासकर किसानों के मुद्दों पर स्थिति चिंताजनक है। मीडिया से बात करते हुए जयप्रकाश ने आरोप लगाया कि गेहूं की खरीद व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, जिससे किसानों को अपनी फसल बेचने में भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने सरकार की ऑनलाइन प्रणाली और खरीद तंत्र को विफल बताया। सांसद ने सवाल उठाया कि जब पर्याप्त गोदाम नहीं हैं, तो खरीद व्यवस्था सुचारू रूप से कैसे चल सकती है। उन्होंने सरकार के कुछ बयानों पर भी हैरानी जताई। जयप्रकाश ने कहा कि बारिश से गेहूं का वजन बढ़ने जैसे तर्क किसानों के साथ मजाक के समान है। उन्होंने इस विरोधाभास पर सवाल उठाया कि एक तरफ नमी की सीमा तय की जाती है और दूसरी ओर ऐसे बयान दिए जाते हैं। 2023 में पारित में हो चुका था महिला आरक्षण बिल, लागू नहीं किया महिला आरक्षण के मुद्दे पर सांसद ने कहा कि महिला आरक्षण बिल 2023 पारित होने के बावजूद इसे लागू नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महिलाओं को केवल आश्वासन देकर गुमराह कर रही है, जिससे उसकी नीयत पर सवाल उठते हैं। सरकार के वादों पर कटाक्ष करते हुए जयप्रकाश ने कहा कि न तो किसी के खाते में 15 लाख रुपए आए और न ही हर साल दो करोड़ युवाओं को रोजगार मिला। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने का वादा भी अधूरा है। कैप्टन अभिमन्यु के बयान पर ली चुटकी उन्होंने हांसी में भाजपा नेता कैप्टन अभिमन्यु के ‘सोने का अंडा देने वाली मुर्गी’ वाले बयान पर भी चुटकी ली। जयप्रकाश ने कहा कि अंडे मुर्गी या मोरनी देती है, इंसान नहीं, और ऐसे बयान जनता को गुमराह करने वाले हैं। इसके अतिरिक्त, उन्होंने हरियाणा में तेजी से कट रही कॉलोनियों पर भी सवाल उठाए। जयप्रकाश ने टिप्पणी की कि प्रदेश में ऐसे हालात बन गए हैं, मानो कॉलोनाइजरों की सरकार चल रही हो। उन्होंने कहा कि जनता अब सरकार की नीतियों को समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब जरूर देगी।
Source link
कांग्रेस सांसद ने केंद्र- राज्य सरकार पर साधा निशाना:हांसी में जयप्रकाश बोले- गेहूं खरीद की ऑनलाइन प्रणाली फेल, महिला आरक्षण पर उठाए सवाल







