![]()
गुरुग्राम शहर में अवैध निर्माण और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग (DTP) सख्त कार्रवाई करेगा। विभाग ने उच्च न्यायालय के अंतरिम आदेशों का पालन करते हुए लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में बड़े अभियान की तैयारी की है। इस अभियान में विशेष रूप से स्टिल्ट+4 पॉलिसी का उल्लंघन और सड़कों पर किए गए अवैध कब्जे निशाने पर होंगे। डीटीपी (एनफोर्समेंट) अमित मधोलिया के अनुसार, विभाग ने इस कार्रवाई के लिए कमर कस ली है और जल्द ही लाइसेंस कॉलोनियों में अभियान शुरू किया जाएगा। कॉलोनियों के भीतर 10 मीटर से लेकर 24 मीटर तक की चौड़ी सड़कों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त करवाया जाएगा। ग्रीन बेल्ट में बने अवैध निर्माण होंगे ध्वस्त ग्रीन बेल्ट में किए गए किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण को ध्वस्त किया जाएगा। इसके साथ ही, सड़कों पर बिना अनुमति लगाए गए गेट और सुरक्षा गार्डों के लिए बनाए गए अवैध पोस्ट (केबिन) को भी हटाया जाएगा। अक्सर देखा जाता है कि लोग सड़कों के किनारे सरकारी जमीन पर अपना निजी ग्रीन एरिया, लॉन या बाउंड्री वॉल बना लेते हैं। अमित मधोलिया ने स्पष्ट किया है कि ऐसे सभी निर्माणों को चिन्हित कर लिया गया है और इन्हें जल्द ही ध्वस्त कर दिया जाएगा। सार्वजनिक रास्तों को रोकने वालों पर होगी कार्रवाई उन्होंने कहा कि विभाग उच्च न्यायालय के आदेशों का पालन करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। स्टिल्ट+4 पॉलिसी के नियमों का उल्लंघन करने वालों और सार्वजनिक रास्तों को रोकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को दुरुस्त करना और यह सुनिश्चित करना है कि निवासियों को चौड़ी सड़कें और स्वच्छ वातावरण मिल सके। विभाग की इस सख्ती से उन लोगों में हड़कंप मच गया है, जिन्होंने नियमों को ताक पर रखकर अवैध निर्माण किए हुए हैं।
Source link
गुरुग्राम में सड़कों से हटेंगे अवैध कब्जे:उच्च न्यायालय के आदेश, लाइसेंसी कॉलोनियों में पॉलिसी का उल्लंघन; DTP की तैयारी







