![]()
लुधियाना में सड़क किनारे टैक्सी ड्राइवर का शव मिला। मृतक की पहचान पक्खोवाल रोड स्थित देव नगर निवासी महिंदर सिंह (29) के रूप में हुई है। उसके शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उसकी हत्या हुई है या हादसे में उसकी मौत हुई। पुलिस के मुताबिक, मृतक ने शराब पी रखी थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह एक्टिवा समेत डिवाइडर से टकरा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक के शरीर पर करीब 12 घाव मिले हैं। गर्दन पर 8 से 9 इंच लंबा और गहरा कट भी पाया गया है, जिससे मामला संदिग्ध हो गया है। परिजनों ने महिंदर के साथ घूमने निकले दोस्तों पर हत्या का शक जताया है। एक राहगीर ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया, ताकि मृतक की पहचान हो सके। शव के पास मिले मोबाइल फोन से पुलिस ने परिवार से संपर्क किया। इसके बाद चौकी SBS नगर की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। रात साढ़े 10 बजे दोस्तों के साथ निकला था मृतक के दोस्त संजय ने बताया कि महिंदर टैक्सी चलाता था। सोमवार रात करीब साढ़े 10 बजे वह पांच-छह दोस्तों के साथ शराब पीने के लिए घर से निकला था। रात करीब सवा 12 बजे तक घर नहीं लौटने पर उसकी पत्नी ने मोबाइल पर फोन किया। फोन एक PCR कर्मचारी ने उठाया और महिंदर के एक्सीडेंट की जानकारी दी। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो उसकी हालत देखकर उन्हें मामला सामान्य सड़क हादसा नहीं लगा। लास्ट कॉल से दोस्तों तक पहुंचा परिवार संजय ने महिंदर का मोबाइल चेक कर आखिरी कॉल वाले नंबर पर संपर्क किया। बातचीत में पता चला कि महिंदर दोस्तों के साथ था। इसके बाद संजय अन्य परिजनों के साथ दोस्तों के घर पहुंचा और उन्हें चौकी ले गया। पूछताछ में दोस्तों ने बताया कि पहले तीन लोग महिंदर के साथ शराब पीने आए थे। उनके जाने के बाद तीन अन्य दोस्त वहां पहुंचे थे। हालांकि, उन्होंने महिंदर के साथ किसी विवाद से इनकार किया। 8 से 9 इंच लंबा और गहरा कट संजय के मुताबिक, महिंदर की गर्दन पर करीब 8 से 9 इंच लंबा और गहरा कट था। शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर भी करीब एक दर्जन तेजधार हथियार के घाव मिले। इन चोटों के चलते परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। लूट नहीं हुई, दोस्तों से पूछताछ कर रही पुलिस थाना दुगरी के SHO गुरमुख सिंह दियोल ने बताया कि प्राथमिक जांच में महिंदर की मौत डिवाइडर से टकराने के कारण होने की बात सामने आई है। हालांकि, मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी। इसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। SHO के मुताबिक, फिलहाल लूट की बात सामने नहीं आई है। महिंदर का मोबाइल और एक्टिवा शव के पास ही मिले, जबकि पर्स भी उसकी जेब में था। पुलिस उसके साथ मौजूद दोस्तों से पूछताछ कर रही है।
Source link







