![]()
अंडर-17 विश्व चैंपियनशिप में 92 किलोग्राम फ्रीस्टाइल कुश्ती में कांस्य पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले पहलवान सक्षम लोहचब का बुपनियां स्थित जयवीर अखाड़े में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन के बाद गांव लौटे सक्षम का ग्रामीणों और पहलवानों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया। सम्मान समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। अखाड़े में पहुंचने पर क्षेत्र की सरदारी और ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। वहीं सक्षम लोहचब को फूलों और रुपयों की मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया। समारोह में सैकड़ों की संख्या में पहलवान, कोच, ग्रामीण और खेल प्रेमी मौजूद रहे। बुपनियां और आसपास की मिट्टी ने देश को दिए बेहतरीन पहलवान’ समारोह को संबोधित करते हुए ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि खिलाड़ी, सैनिक और किसान हमारे असली हीरो हैं। बुपनियां और आसपास का क्षेत्र पहलवानों की भूमि है। यहां की मिट्टी ने समय-समय पर देश को बेहतरीन पहलवान दिए हैं। उन्होंने सक्षम लोहचब की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर पदक जीतना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने युवा खिलाड़ियों से खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और मेहनत के साथ अपने लक्ष्य को हासिल करने का आह्वान किया। गांव पहुंचते ही ढोल-नगाड़ों से हुआ स्वागत विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतने के बाद सक्षम के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों और पहलवानों में खासा उत्साह देखने को मिला। उन्हें ढोल-नगाड़ों के साथ अखाड़े तक लाया गया। अखाड़ा परिसर में मौजूद लोगों ने सक्षम की उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया। ग्रामीणों ने कहा कि सक्षम ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर न केवल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीता, बल्कि बुपनियां और पूरे क्षेत्र का गौरव भी बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र की कुश्ती परंपरा को नई पहचान मिली है। कोच और पहलवानों ने दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं अखाड़े में मौजूद पहलवानों और कोचों ने सक्षम का उत्साह बढ़ाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अखाड़ा संचालक जयवीर कोच ने कार्यक्रम में पहुंचने पर सबका धन्यवाद किया।
Source link







