![]()
करनाल जिले में घरौंडा के हर्बल पार्क में मंगलवार को पशुपालन एवं डेयरी विभाग चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी यूनियन ब्लॉक घरौंडा की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रधान राहुल गौरिया ने की, जबकि मंच संचालन जसबीर ने किया। बैठक में कर्मचारियों ने ब्लॉक स्तर की समस्याएं पदाधिकारियों के सामने रखीं और विभाग से जल्द समाधान की मांग की। कर्मचारियों ने समस्याएं दूर नहीं होने पर धरना-प्रदर्शन और आंदोलन की चेतावनी दी। बाढ़ ड्यूटी लगाए जाने का मुद्दा उठाया बैठक में कर्मचारियों ने बताया कि उनसे पद के अनुरूप काम के अलावा एसआईआर, सीआरएम और बाढ़ ड्यूटी भी लगाई जा रही है। कर्मचारियों का कहना है कि इस तरह की ड्यूटी के लिए विशेष प्रशिक्षण की जरूरत होती है। इसके बावजूद दो कर्मचारियों की बाढ़ ड्यूटी लगाई गई है, जबकि उन्हें तैरने का कोई अनुभव नहीं है। कर्मचारियों ने इसे सुरक्षा के लिहाज से भी गंभीर मुद्दा बताया। बैठक में एक कर्मचारी को मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने का मुद्दा भी उठाया गया। इन सभी समस्याओं को लेकर कर्मचारियों में रोष है। यूनियन ने कहा कि यदि विभाग ने इन मुद्दों का समाधान नहीं किया तो धरना-प्रदर्शन और आंदोलन किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी विभाग की होगी। 27 सितंबर के प्रदर्शन की बनाई रणनीति बैठक में राज्य कन्वेंशन में लिए गए फैसलों के अनुसार 27 सितंबर को पशुपालन एवं डेयरिंग विभाग के मंत्री के आवास पर होने वाले सामूहिक प्रतिनिधिमंडल प्रदर्शन को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। कर्मचारियों ने कहा कि वे इस प्रदर्शन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। यूनियन की प्रमुख मांगों में स्वीपर कम चौकीदार की भर्ती, पशुधन अटेंडेंट के पद सृजित करना, जोखिम भत्ता देना, जॉब चार्ट में संशोधन लागू करना तथा साझा संवर्ग या विभागीय संवर्ग में पदोन्नति की व्यवस्था करना शामिल है। बैठक में कर्मचारियों ने इन मांगों को लेकर एकजुट होकर आंदोलन में भाग लेने का निर्णय लिया।
Source link







