![]()
नगर निगम गुरुग्राम (MCG) ने शहर की सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण कार्य में एजेंसियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सख्त रुख अपनाया है। जोन-5 में कार्यरत केएस मल्टीफेस्लिटी सर्विसेज नामक एजेंसी पर कुल 12 लाख,466 रुपए का जुर्माना लगाया गया है। यह कार्रवाई निर्धारित संख्या में वाहन, ट्रैक्टर-ट्रॉली और सफाई कर्मचारियों की अनुपलब्धता सुनिश्चित न करने पर की गई है। संयुक्त आयुक्त-5 कार्यालय द्वारा जारी पहले नोटिस के अनुसार, एजेंसी को जोन-5 में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के लिए प्रतिदिन 76 वाहन उपलब्ध कराने का प्रावधान था। निगम के सहायक सफाई निरीक्षकों ने 25 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक वाहनों की दैनिक उपलब्धता का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई दिनों में निर्धारित संख्या की तुलना में काफी कम वाहन मौके पर उपलब्ध पाए गए। निगम के रिकॉर्ड के अनुसार, निर्धारित 76 वाहनों के मुकाबले संबंधित अवधि में कुल 691 वाहन प्रतिदिन की कमी पाई गई। इस लापरवाही के लिए एजेंसी पर 9 लाख 95 हजार 40 रुपए का जुर्माना लगाया गया है। इसी एजेंसी के खिलाफ जारी दूसरे नोटिस में ट्रैक्टर-ट्रॉली और कर्मचारियों की निर्धारित उपलब्धता सुनिश्चित नहीं करने का मामला सामने आया है। जोन-5 में सफाई कार्य को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए प्रत्येक संबंधित वार्ड में निर्धारित संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं सफाई कर्मचारियों की तैनाती की जानी थी। नगर निगम द्वारा 1 अगस्त से 11 अगस्त 2026 तक किए गए निरीक्षण में निर्धारित संसाधनों की तुलना में कमी पाई गई। इस अवधि में कुल 26 ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा 286 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। अनुपस्थित ट्रैक्टर-ट्रॉली के लिए 65 हजार रुपए तथा अनुपस्थित कर्मचारियों के लिए 1 लाख 40 हजार 426 रुपए की पेनल्टी निर्धारित की गई है। इस प्रकार, इस दूसरे नोटिस के तहत कुल 2 लाख 05 हजार 426 रुपए की राशि बनती है। दोनों नोटिसों को मिलाकर केएस मल्टीफेस्लिटी सर्विसेज पर कुल 12 लाख 466 रुपए का जुर्माना लगाया गया है।
Source link







