![]()
गुरुग्राम में ओल्ड दिल्ली रोड पर एक अनियंत्रित महिंद्रा थार गाड़ी राहगीरों पर चढ़ा दी। ड्राइवर ने पहले लापरवाही से वाहन चलाते हुए एक डिलीवरी बॉय की इलेक्ट्रिक बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में डिलीवरी बॉय गंभीर रूप से घायल हो गया है, जबकि सड़क पार कर रहा एक अन्य राहगीर भी इसकी चपेट में आकर जख्मी हुआ है। घटना की लिखित शिकायत के बाद सेक्टर-14 थाना पुलिस ने आरोपी थार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।ऑर्डर देने जा रहे डिलीवरी बॉय को पीछे से रौंदा पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित मानू सोलंकी ने बताया कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के ग्राम तारापुर का रहने वाला है। वर्तमान में वह गुरुग्राम के राजीव नगर स्थित वेलकम पीजी में रहता है और शहर में एक ऑनलाइन फूड डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता है। रोजाना की तरह वह रात को काम पर था। रात के करीब 10:30 बजे वह अपनी ‘इलेक्ट्रिक बाज़’ बाइक पर सवार होकर एक कस्टमर का ऑर्डर देने के लिए प्रेमनगर की तरफ जा रहा था। जैसे ही वह ओल्ड दिल्ली रोड पर स्थित चौपाल होटल के नजदीक पहुंचा, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार थार गाड़ी ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह अपनी बाइक समेत सड़क पर काफी दूर तक घिसटता चला गया। हादसे में एक अन्य राहगीर भी घायल पीड़ित मानू ने पुलिस को बताया कि थार की टक्कर लगने के बाद वह लहूलुहान हालत में सड़क पर गिर पड़ा था। इसी दौरान उस अनियंत्रित थार गाड़ी ने सड़क पर मौजूद एक अन्य अज्ञात व्यक्ति को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसे भी गंभीर चोटें आईं। मानू ने दुर्घटना के तुरंत बाद हिम्मत दिखाते हुए भाग रही गाड़ी का नंबर देख लिया। आरोपी की गाड़ी का नंबर HR 26 CE 5040 था। हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक अपनी थार गाड़ी को तेज स्पीड में भगाते हुए मौके से फरार हो गया। रात का समय होने के कारण आसपास के लोगों ने तुरंत घायल डिलीवरी बॉय को संभाला और उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चल रहा है इलाज, सख्त कार्रवाई की मांग सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए मानू को आस्था अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित के शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। अस्पताल में स्थिति सामान्य होने पर पीड़ित ने सेक्टर-14 थाना के प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित ने अपनी शिकायत में कहा है कि थार गाड़ी के चालक ने अपनी गाड़ी को बेहद तेज स्पीड, गफलत और लापरवाही से चलाकर उसका एक्सीडेंट किया है, जिससे उसकी जान भी जा सकती थी। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि गाड़ी के नंबर के आधार पर आरोपी थार चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए। पुलिस जांच कर रही है सेक्टर-14 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर वाहन मालिक और चालक का सुराग लगाने के लिए ओल्ड दिल्ली रोड और चौपाल होटल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है।
Source link







