![]()
हरियाणा नगर पालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर बुधवार को लोहारू नगर पालिका के कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन किया और नगर पालिका सचिव को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने 6, 7 और 8 अगस्त को तीन दिवसीय हड़ताल पर जाने की घोषणा की है। यह ज्ञापन सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रदेश सचिव पुरुषोत्तम दानव और जिला प्रधान शेर सिंह के नेतृत्व में दिया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में नियमित, अस्थायी, ठेका प्रथा के तहत कार्यरत सफाईकर्मी, सीवर कर्मचारी और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण से जुड़े कर्मचारी उपस्थित रहे। लंबित मांगों को पूरा करने की मांग ज्ञापन में कर्मचारियों ने सरकार से नगर पालिकाओं में कार्यरत कर्मचारियों की वर्षों से लंबित मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार मांग उठाने और कई दौर की वार्ताओं के बावजूद सरकार ने कोई ठोस निर्णय नहीं लिया, जिसके कारण कर्मचारियों को आंदोलन का रास्ता अपनाने पर मजबूर होना पड़ा है। कर्मचारी नेताओं ने बताया कि हरियाणा नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रदेशव्यापी आह्वान पर 6, 7 और 8 अगस्त को राज्य की सभी नगर पालिकाओं, नगर परिषदों और नगर निगमों में कार्यरत कर्मचारी तीन दिवसीय हड़ताल पर रहेंगे। इस हड़ताल के दौरान सफाई व्यवस्था, सीवर संचालन, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और अन्य नगर पालिका सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है। कर्मचारी नेता बोले- समान वेतन दिया जाए कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में सभी अस्थायी कर्मचारियों को नियमित करना, ठेका प्रथा समाप्त कर सीधे विभाग के अधीन नियुक्ति देना, समान कार्य के लिए समान वेतन लागू करना और जोखिम भत्ता प्रदान करना शामिल है। इसके अतिरिक्त, कर्मचारियों ने एक्सग्रेशिया नीति का लाभ, बेहतर चिकित्सा सुविधाएं, ईएसआई से वंचित कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा, दुर्घटना बीमा, समय पर वेतन भुगतान और पुरानी पेंशन जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ देने की भी मांग की है। सरकार पर लगाया अनदेखी करने का आरोप प्रदेश सचिव पुरुषोत्तम दानव ने कहा कि नगर पालिका कर्मचारी लगातार शहरों की स्वच्छता, सीवर व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को बनाए रखने का कार्य कर रहे हैं, लेकिन उनकी जायज मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने कर्मचारियों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा तथा आगामी चरण में प्रदेश स्तर पर बड़े प्रदर्शन और अनिश्चितकालीन आंदोलन भी किया जा सकता है। जिला प्रधान शेर सिंह ने कहा कि कर्मचारी एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ेंगे और जब तक मांगों का समाधान नहीं होगा तब तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने सभी कर्मचारियों से हड़ताल को सफल बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर लोहारू इकाई के प्रधान आशु वाल्मीकि, उपप्रधान अशोक वाल्मीकि, सचिव श्यामसुंदर, अनिल, राजेंद्र दरोगा, महाबीर, पुष्पा, लक्ष्मी, माया, तारा सहित बड़ी संख्या में नगरपालिका कर्मचारी मौजूद रहे।
Source link







