![]()
गुरुग्राम जिले के मानेसर नगर निगम में सदन मीटिंग के दौरान मेयर और सीनियर डिप्टी मेयर पक्ष के बीच में झगड़ा हो गया। वार्ड नंबर-18 की वर्तमान महिला पार्षद परवेश यादव ने सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीन कुमार पर उनके साथ सार्वजनिक रूप से अभद्र व्यवहार करने, बेहद अशोभनीय एवं अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। वहीं सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीण कुमार ने भी जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। इस बारे में महिला पार्षद और सीनियर डिप्टी मेयर की तरफ से सेक्टर-7 आईएमटी मानेसर थाने लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, नगर निगम मानेसर के मेयर कार्यालय में सदन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में मेयर डॉ. इंद्रजीत कौर सहित नगर निगम के तमाम वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और सभी वार्डों के पार्षद मौजूद थे। चर्चा के दौरान अचानक माहौल गरमा गया और महिला पार्षद के साथ कथित तौर पर बदसलूकी शुरू हो गई। पार्षद ससुर ने आपा खोया, कैमरे तोड़ने का प्रयास बताया गया कि बैठक में महिला पार्षद से हुई कथित अभद्रता के बाद हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। हंगामे के दौरान पार्षद के ससुर ने अचानक अपना आपा खो दिया। उन्होंने वहां वीडियो बना रहे मीडियाकर्मियों के कैमरों को जबरन पीछे धकेलने और उन्हें तोड़ने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद लोगों ने इस दुर्व्यवहार का कड़ा विरोध किया। इस तीखी नोकझोंक के बाद वहां मौजूद पुलिसकर्मियों और अन्य पार्षदों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। महिला सुरक्षा के मुद्दे के बीच ससुर के इस आक्रामक रवैये ने मामले को और तूल दे दिया है। महिला पार्षद की गरिमा को ठेस पहुंचाने का आरोप पार्षद परवेश यादव ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि बैठक के बीच में सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीन कुमार ने उनके साथ बेहद अमर्यादित और अभद्र व्यवहार किया। सीनियर डिप्टी मेयर ने एक महिला जनप्रतिनिधि की गरिमा को पूरी तरह ताक पर रख दिया। उन्होंने बैठक में सबके सामने परवेश यादव को कथित तौर पर ‘तू’ कहकर संबोधित किया और कई अश्लील एवं अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस अशोभनीय व्यवहार के कारण उन्हें सार्वजनिक रूप से गंभीर मानसिक आघात और भारी अपमान का सामना करना पड़ा है। पार्षदों ने जोरदार विरोध किया, बैठक स्थगित सदन के भीतर दोनों पक्षों के बीच इस कथित दुर्व्यवहार को देखकर बैठक में मौजूद अन्य पार्षदों का गुस्सा भड़क गया। कई पार्षदों ने प्रवीन कुमार के इस व्यवहार का तत्काल और कड़ा विरोध किया, तो सीनियर डिप्टी मेयर ने मेयर पक्ष के लोगों पर गलत व्यवहार का आरोप लगाया। सदन में हंगामा और स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि मेयर डॉ. इंद्रजीत कौर को बैठक को बीच में ही स्थगित करने का फैसला लेना पड़ा। कार्यालय परिसर के बाहर ‘जिंदा नहीं छोड़ने’ की धमकी मामला सिर्फ बैठक के भीतर तक ही सीमित नहीं रहा। पार्षद परवेश यादव ने शिकायत में आरोप लगाया है कि जब बैठक स्थगित होने के बाद वह कार्यालय परिसर से बाहर निकल रही थीं, तब आरोपी अपने कुछ साथियों के साथ उनके पीछे आया। आरोपी ने उन्हें रास्ते में रोककर कथित तौर पर धमकी भरे लहजे में कहा, “तू मेरे रास्ते के बीच में आती है, तुझे जिंदा नहीं छोड़ूंगा। तेरे साथ बहुत गलत होगा। समझ जा, नहीं तो अंजाम बहुत बुरा होगा तेरे और तेरे परिवार के साथ।” सीनियर डिप्टी मेयर बोले- मुझे जान से मारने की धमकी दी वहीं, सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीण कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके साथ मारपीट, धक्का-मुक्की, जान से मारने की धमकी और सरकारी काम में बाधा डालने का काम किया गया। मेयर पक्ष की तरफ से सिक्योरिटी स्टाफ ने महिला पार्षदों को धक्के मारे। यह बिल्कुल बर्दाश्त से बाहर है, जिसे सहन नहीं किया जाएगा। इसके खिलाफ केस दर्ज करवाने के लिए शिकायत दे दी गई है।
Source link







