![]()
सोनीपत के कुंडली क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर ड्यूटी के दौरान हरियाणा पुलिस के एक हेड कांस्टेबल की सड़क एक्सीडेंट में मौत हो गई। डायल-112 की ईआरवी (ERV) गाड़ी पर तैनात पुलिसकर्मी शिकायत पर कार्रवाई के लिए निकले थे। इसी दौरान हाईवे पर बीच सड़क खड़े एक वाहन को हटवाने के लिए हेड कांस्टेबल जैसे ही नीचे उतरे, पीछे से तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी चालक वाहन समेत फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कुंडली थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है। ड्यूटी निभाते समय हुआ हादसा पानीपत के संभालखा के गांव नामुंडा के रहने वाले अर्जुन ने जानकारी देते हुए बताया कि उसका भाई हेड कांस्टेबल देवी दयाल डायल-112 की ईआरवी गाड़ी पर तैनात थे। देर रात उन्हें एक शिकायत मिली थी, जिसके बाद वह अपनी टीम के साथ मौके के लिए रवाना हुए। कुंडली स्थित नेशनल हाईवे पर बीच सड़क एक वाहन खड़ा मिला। यातायात सुचारु कराने और वाहन को हटवाने के लिए देवी दयाल गाड़ी से नीचे उतरे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आए एक अज्ञात वाहन ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ दिया दम हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिसकर्मी उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। रात एक बजे घर पहुंची हादसे की सूचना मृतक के भाई अर्जुन ने बताया कि रात करीब एक बजे पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे और बताया कि उनके भाई देवी दयाल को ड्यूटी के दौरान चोट लगी है। इसके बाद पूरा परिवार तुरंत अस्पताल पहुंचा, जहां पता चला कि उनकी मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि किसी तेज रफ्तार वाहन चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। 20 साल से हरियाणा पुलिस में दे रहे थे सेवाएं परिजनों ने बताया कि देवी दयाल हरियाणा पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर कार्यरत थे और लगभग 20 वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे थे। वह डायल-112 की ईआरवी टीम में तैनात थे और हमेशा जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाते थे। परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ देवी दयाल अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और दो बेटियों सहित पूरा परिवार छोड़ गए हैं। परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य की अचानक मौत से घर में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भी शोक का माहौल है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
कुंडली थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Source link







