![]()
पंजाब यूनिवर्सिटी के हिंदी विभाग और हिंदी साहित्य परिषद की ओर से शुक्रवार को गांधी भवन सभागार में मुंशी प्रेमचंद की जयंती पर समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का विषय ‘प्रेमचंद : साहित्य, समाज और समकालीन भारत’ रहा। इस दौरान समकालीन भारतीय समाज, बदलती सामाजिक परिस्थितियों, आधुनिक सरोकारों और साहित्य के परिप्रेक्ष्य में प्रेमचंद की रचनाओं आैर विचारों की प्रासंगिकता पर चर्चा की। मुख्य वक्ता राजकीय कन्या महाविद्यालय, लुधियाना के हिंदी-विभाग के सेवानिवृत्त प्राध्यापक डॉ. राकेश कुमार और हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीन दयाल उपाध्याय अध्ययन केंद्र के निदेशक प्रो. इंदर सिंह ठाकुर ने प्रेमचंद के साहित्य में सामाजिक चेतना, यथार्थवाद और आधुनिक भारत के निर्माण में उनके योगदान पर अपने विचार रखे। इस दौरान निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। इसमें अचिता ने प्रथम, रीमा ने द्वितीय और निखिल व नारायण सिंह भदौरिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में हिंदी विभाग के शिक्षक, शोधार्थी, विद्यार्थी और साहित्य प्रेमी भी मौजूद रहे।
Source link







