![]()
फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ में सिटी बस ड्राइवरों को पिछले 2 महीनों से समय पर वेतन नहीं मिलने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या के विरोध में बृहस्पतिवार सुबह सिटी बस ड्राइवरों ने 3 घंटे की हड़ताल की। जिसके कारण सिटी बसों से सफर कर ड्यूटी पर जाने वाले यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं सूचना पर पहुंचे जीएम ने आश्वासन दिया था कि आज सभी की सैलरी भेज दी जाएगी। जिसके बाद सभी ड्राइवरों के खातों में शाम 4 बजे तक सैलरी पहुंच गई। दरअसल स्मार्ट सिटी फरीदाबाद में गांवों को शहर से जोड़ने के उद्देश्य से फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) की ओर से करीब 50 सिटी बसों का संचालन किया जा रहा है। ये बसें शहर के लगभग 10 अलग-अलग रूटों पर चलती हैं और इन बसों में करीब 120 ड्राइवर कार्यरत हैं। इन बसों के माध्यम से रोजाना बड़ी संख्या में यात्री अपने कार्यस्थल, स्कूल और अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचते हैं। 2 महीनों से टाइम पर सैलरी नहीं ड्राइवरों का आरोप है कि पिछले 2 महीनों से उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। नियमानुसार उनकी सैलरी हर महीने की 7 से 10 तारीख के बीच उनके बैंक खाते में आ जानी चाहिए, लेकिन कई बार ऐसा होता है कि वेतन 16 तारीख से लेकर 25 तारीख तक भी नहीं आता। वेतन में हो रही इस देरी के कारण ड्राइवरों को अपने परिवार का पालन-पोषण करने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। ड्राइवरों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया। लगातार वेतन में देरी होने के कारण मजबूर होकर उन्हें हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा। इसी के चलते बृहस्पतिवार की सुबह ड्राइवरों ने 3 घंटे के लिए काम बंद कर दिया। शाम तक खातों में भेजी सैलरी बता दें कि बल्लभगढ़ डिपो से हर रोज सुबह 6 बजकर 10 मिनट पर पहली सिटी बस अपने निर्धारित रूट के लिए रवाना होती है, लेकिन हड़ताल के कारण सुबह 6 बजे से 9 बजे तक बसों का संचालन ठप रहा। इस दौरान ऑफिस और अन्य कामों के लिए घर से निकलने वाले यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। कई यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए ऑटो और अन्य निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ा। हड़ताल की सूचना मिलते ही सिटी बस सेवा के जीएम कारण गुरुग्राम से तुरंत फरीदाबाद डिपो पहुंचे। उन्होंने मौके पर पहुंचकर ड्राइवरों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। इसके बाद उन्होंने ड्राइवरों को आश्वासन दिया कि दोपहर 2 बजे तक उनकी लंबित सैलरी उनके खातों में डाल दी जाएगी। जिसके बाद शाम 4 बजे तक सभी ड्राइवरों का सैलरी उनके खातों में भेज दी गई। जीएम बोले- वृद्धि की घोषणा का मिलेगा लाभ इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की ओर से जो वेतन वृद्धि की घोषणा की गई है, उसका लाभ भी ड्राइवरों को दिया जाएगा। अधिकारियों ने ड्राइवरों को भरोसा दिलाया कि भविष्य में वेतन समय पर देने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। जीएम कारण ने यह भी कहा कि अब से वह सप्ताह में दो से 3 दिन फरीदाबाद डिपो में मौजूद रहेंगे, ताकि ड्राइवरों और कर्मचारियों की समस्याओं को मौके पर ही सुना जा सके और उनका समाधान किया जा सके। इसके अलावा बसों में आ रही तकनीकी खराबियों को भी इंजीनियरिंग टीम के माध्यम से जल्द ठीक करवाया जाएगा, ताकि ड्राइवर सुरक्षित और सुचारु रूप से बसों का संचालन कर सकें।
Source link
बल्लभगढ़ में 3 घंटे ठप रहा सिटी बस संचालन:वेतन न मिलने पर ड्राइवरों की हड़ताल, GM के आश्वासन पर शाम को मिली सैलरी






