इशिता पुंडीर ज्यादातर खेत-खलिहान से जुड़े पोस्ट शेयर करती हैं। – फाइल फोटो
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर की फेमस सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर इशिता पुंडीर फौजियों पर टिप्पणी कर बुरी तरह घिर गई हैं। उन्हें जमकर ट्रोल किया जा रहा है।
.
सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन और कांग्रेस महासचिव यदोपति ठाकुर ने सिरमौर के एसपी को लिखित शिकायत देकर इशिता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
एसपी निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि एसोसिएशन की शिकायत पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि इशिता के खिलाफ क्रिमिनल डेफेमेशन का प्रोसेस शुरू कर दिया है।
इधर, इशिता ने सार्वजनिक तौर पर माफी मांग ली है। साथ ही विवादित वीडियो भी डिलीट कर दिया है। ट्रोलर्स से परेशान होकर उन्होंने फेसबुक पर अपने पोस्ट्स के कमेंट भी ब्लॉक कर दिए हैं।
इशिता ने एक वीडियो में कहा था कि फौजी कभी अपनी गर्लफ्रेंड और पत्नी के लिए लॉयल नहीं रहते। वे बैकअप में 4 से 5 लड़कियां रखते हैं।

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर इशिता पुंडीर ने फौजियों पर टिप्पणी की है।
इशिता ने विवादित वीडियो में ये बातें कहीं…
- फौजी लॉयल नहीं होते: इशिता ने कुछ दिन पहले एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया था। इसमें इशिता ने कहा- एक फौजी बंदा अपनी धरती माता के लिए इतना लॉयल होता है कि उसके बराबर कोई लॉयल हो ही नहीं सकता। लेकिन, एक फौजी कभी भी अपनी वाइफ के लिए या अपनी गर्लफ्रेंड के लिए लॉयल नहीं रह सकता।
- सभी नहीं, लेकिन 90% फौजी ऐसे ही: उन्होंने कहा- मैंने ये केस इतनी जगह और इतने ज्यादा सुन लिए हैं, और मुझे पता है कि इस बात से लड़कियां भी एग्री करेंगी। मैं सभी की बात नहीं कर रही हूं, लेकिन 90 परसेंट लड़के सभी को पता है कि ऐसे होते हैं कि उनके लिए बैकअप में 4 से 5 लड़कियां होती ही होती हैं। यही सच है।
- फौजी 5-5 बंदियां लेकर घूमते हैं: इशिता ने कहा- जिन लड़कियों के साथ ऐसा हुआ है, मैं यह नहीं कह रही कि मेरे साथ ऐसा हुआ है, लेकिन यह सच है। मुझे फौजी लड़कों का इतना एक्सपीरिएंस है कि वह लॉयल हो ही नहीं सकते। वह देशभक्त हो सकते हैं, धरती माता के लिए लॉयल हो सकते हैं, लेकिन लड़की के लिए लॉयल नहीं हो सकते। यही सच है। चाहो तो मुझसे लिखकर ले लो। जब वे छुट्टी आते हैं न तो उनकी 5-5 बंदियां तो आम हैं, और ऐसे ही उनके साथ घूमते हैं। अब मैं क्या ही बोलूं?

इशिता के सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोअर्स हैं। – फाइल फोटो
ट्रोल हो रहीं इशिता
इशिता के इस बयान के बाद सोशल मीडिया में जमकर उनका विरोध हो रहा है। कुछ फौजी और आम लोग भी लाइव आकर इशिता की टिप्पणी का विरोध कर रहे हैं। सोशल मीडिया यूजर्स इशिता को माफी मांगने की चेतावनी दे रहे हैं।
वहीं, कांग्रेस महासचिव यादोपति ठाकुर ने कहा कि इशिता की टिप्पणी भारतीय सीमा पर तैनात जवानों और उनके परिवार के सदस्यों का मनोबल गिराने वाली है। उन्होंने आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि इशिता की टिप्पणी से सैनिक परिवारों की भावनाएं आहत हुई हैं।
सोशल मीडिया पर लोगों ने ये कमेंट किए…



इशिता ने वीडियो डिलीट किया, मांगी माफी
विवाद बढ़ने के बाद इशिता पुंडीर ने अपना विवादित वीडियो सोशल मीडिया एकाउंट से डिलीट कर दिया। इसके बाद उन्होंने दूसरा वीडियो जारी कर फौजियों और उनकी पत्नियों से माफी भी मांगी है। इशिता ने कहा कि उन्हें ऐसी वीडियो नहीं बनानी चाहिए थी। उनसे गलती हुई है।
माफी वाली वीडियो में इशिता ने कहा- जो मैंने वीडियो बनाई थी, उसके लिए मैं माफी चाहती हूं। मुझे ऐसी वीडियो नहीं बनानी चाहिए थी। मैं पूरी इंडियन आर्मी और उनकी वाइफ से माफी मांगती हूं, उनके लिए सॉरी फील करती हूं। मेरी गलती है, मुझे ऐसी वीडियो नहीं बनानी चाहिए थी। उस वीडियो पर बहुत कंट्रोवर्सी हो रही है, लेकिन मैं माफी मांगना चाहती हूं, उस चीज के लिए कि मैंने ऐसी वीडियो बनाई।
उन्होंने आगे कहा- माफ करने वाला बहुत बड़ा होता है और जो अपनी गलती मान ले, वह भी बड़ा होता है। मैं अपनी गलती मान रही हूं कि मुझसे गलती हुई है। आप प्लीज मुझे माफ करना। मैं इस चीज के लिए बहुत शर्मिंदा हूं।

इशिता सोशल मीडिया पर अपने वीडियोज में हिमाचल के कल्चर को प्रमोट करती हैं। – फाइल फोटो
इशिता ने फेसबुक पर कमेंट्स ब्लॉक किए
सोशल मीडिया पर इशिता ने ट्रोल होने के बाद अपने फेसबुक पर कमेंट्स को ब्लॉक कर दिया, ताकि लोग कमेंट न कर सकें। ब्लॉक करने से पहले ही ज्यादातर सोशल मीडिया यूजर्स इशिता के इस वीडियो का जबरदस्त विरोध कर चुके थे। कई यूजर्स इशिता को अनफॉलो करने की भी बात कर रहे थे।
एडवोकेट बोले- 2 साल तक की सजा हो सकती है
इस मामले में शिमला के सीनियर एडवोकेट पवन शर्मा ने बताया कि क्रिमिनल डेफेमेशन कंप्लेट केस होता है। इसमें शिकायकर्ता को पहले डेफेमेशन साबित करनी पड़ेगी और शिकायतकर्ता के बयान होंगे। इसके बाद जिस पर आरोप लगे हैं, उन्हें समन भेजे जाएंगे। इसमें आरोप साबित होने पर दो साल तक की सजा का प्रावधान है।
इशिता के फेसबुक पर 35 लाख फॉलोअर्स
इशिता पुंडीर फेमस सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं। इशिता के फेसबुक पर लगभग 35 लाख (3.5 मिलियन) और इंस्टाग्राम पर 10 लाख फॉलोअर्स हैं। इशिता सोशल मीडिया पर अच्छी-खासी कमाई कर रही हैं और वह दावा करती हैं कि सोशल मीडिया की अर्निंग से वह अपना घर भी बना रही हैं। इशिता एक किसान की बेटी हैं और वह खेती-बाड़ी, पशुपालन से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया में शेयर करती हैं।







