अब आवारा कुत्तों के लिए मोहाली में भी तय होंगे फीडिंग प्वाइंट।
चंडीगढ़ की तर्ज पर अब मोहाली में भी आवारा कुत्तों को जगह-जगह खाना खिलाने पर रोक लगाने की तैयारी है। नगर निगम ने इसके लिए एक योजना तैयार की है, जिसके तहत 13 सेक्टरों में 47 डॉग फीडिंग पॉइंट बनाए जाएंगे।
.
इन निर्धारित स्थानों पर ही लोग आवारा कुत्तों को खाना खिला सकेंगे। प्वाइंट्स को अंतिम रूप देने से पहले नगर निगम ने लोगों से सुझाव लेने का फैसला किया है। सात दिनों तक लोगों की राय लेने के बाद इन फीडिंग पॉइंट्स को फाइनल किया जाएगा।
एनजीओ ने पूरे शहर से किया सर्वे
नगर निगम ने एनजीओ ‘पीडूज पीपल’ के सहयोग और ग्राउंड सर्वे के आधार पर शहर के 13 प्रमुख सेक्टरों और फेजों में 47 कम्युनिटी डॉग फीडिंग पॉइंट्स प्रस्तावित किए हैं। इन स्थानों का चयन लोगों की आवाजाही, ट्रैफिक व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता और स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए किया गया है।
निगम ने स्पष्ट किया है कि यह अभी केवल ड्राफ्ट सूची है। आम जनता, आरडब्ल्यूए और डॉग फीडर्स से मिलने वाले सुझावों व आपत्तियों की समीक्षा के बाद ही फीडिंग पॉइंट्स की अंतिम सूची जारी की जाएगी।

आपत्ति है तो वजह साफ करनी होगी
यदि कोई व्यक्ति किसी प्रस्तावित फीडिंग पॉइंट पर आपत्ति दर्ज कराता है, तो उसे विरोध का स्पष्ट और ठोस कारण बताना होगा। इसमें यह जानकारी देनी होगी कि क्या वह स्थान बच्चों के खेलने वाले पार्क के पास है, क्या वहां डॉग फीडिंग से ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
सुरक्षा संबंधी कोई खतरा है या स्वच्छता और सार्वजनिक स्वास्थ्य पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है। नगर निगम का कहना है कि इन्हीं तथ्यों के आधार पर सुझावों और आपत्तियों की समीक्षा की जाएगी और इसके बाद डॉग फीडिंग पॉइंट्स की अंतिम सूची तैयार की जाएगी।
ऑनलाइन भी दर्ज करवा पाएंगे सुझाब
नगर निगम ने लोगों की सुविधा के लिए सुझाव और आपत्तियां दर्ज कराने के तीन विकल्प उपलब्ध कराए हैं। नागरिक अपनी राय ई-मेल के माध्यम से mcmmoh0@gmail.com पर भेज सकते हैं। इसके अलावा मोहाली नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध ऑनलाइन फॉर्म भरकर भी सुझाव या आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।
ऑफलाइन आवेदन देने वाले लोग निर्धारित फॉर्म भरकर नोडल ऑफिसर (डॉग कंट्रोल सेल), स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, नगर निगम भवन (आर-36), लोअर थर्ड फ्लोर, सेक्टर-68, मोहाली में जमा करा सकते हैं।
सुझावों और आपत्तियों पर ही विचार किया जाएगा
निगम ने स्पष्ट किया है कि पब्लिक नोटिस जारी होने के सात दिनों के भीतर प्राप्त होने वाले सुझावों और आपत्तियों पर ही विचार किया जाएगा। इसके बाद समीक्षा के आधार पर डॉग फीडिंग पॉइंट्स की अंतिम सूची तैयार की जाएगी।







