spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

फायर कर्मचारियों की हड़ताल को सफाई कर्मियों का समर्थन:हांसी में सरकार पर अनदेखी का आरोप; रोडवेज बस ड्राइवरों से लिया जा रहा काम




हांसी में फायर ब्रिगेड कर्मचारियों की हड़ताल नौवें दिन भी जारी रही। अब इस आंदोलन को नगर परिषद सफाई कर्मचारी यूनियन और सर्व कर्मचारी संघ का भी समर्थन मिल गया है, जिससे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ा है। कर्मचारी सरकार पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए अपनी मांगों पर अड़े हैं। फायर ब्रिगेड कार्यालय में आयोजित धरने के दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनकी प्रमुख मांगों में ड्यूटी के दौरान आग बुझाते समय जान गंवाने वाले दो कर्मियों को शहीद का दर्जा देना, उनके परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान करना और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देना शामिल है। इसके अतिरिक्त, अन्य लंबित मांगों को भी जल्द पूरा करने की अपील की गई है। सरकार ने नोटिस पर नहीं दिया ध्यान : विनोद कुमार फायरमैन विनोद कुमार ने बताया कि सरकार को पहले दो दिन की हड़ताल का नोटिस दिया गया था, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। इसी कारण हड़ताल अब नौ दिन लंबी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि यह समय आगजनी की घटनाओं के लिहाज से बेहद संवेदनशील है, फिर भी सरकार स्थायी समाधान करने के बजाय रोडवेज बस ड्राइवरों से फायर ब्रिगेड का काम ले रही है। विनोद कुमार ने आरोप लगाया कि अनुभवहीन ड्राइवरों के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ियां समय पर घटनास्थल पर नहीं पहुंच पा रही हैं। जहां सामान्यतः 15 मिनट में पहुंचना चाहिए, वहां अब एक घंटे तक का समय लग रहा है। इससे पीड़ितों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी। मांग पूरी न होने तक जारी रहेगा आंदोलन : बलजीत नगर परिषद सफाई कर्मचारी संघ के प्रधान बलजीत सिंह ने कहा कि उनकी यूनियन फायर ब्रिगेड कर्मचारियों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक कर्मचारियों की मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा, भले ही इसके लिए उन्हें अपनी नौकरी का जोखिम उठाना पड़े। सर्व कर्मचारी संघ के राज्य कैशियर सुरेंद्र यादव ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कर्मचारियों की आवाज सरकार तक पहुंच रही है, लेकिन फिर भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। उन्होंने कहा कि यदि सरकार को मांगें अनुचित लगती हैं तो स्पष्ट रूप से बातचीत करे, कर्मचारी हड़ताल समाप्त करने पर विचार कर सकते हैं। मुआवजा और नौकरी देने की मांग ब्लॉक हांसी के एसकेएस अशोक यादव ने भी शहीद कर्मचारियों के परिवारों के लिए मुआवजा और उनके बच्चों को नौकरी देने को आवश्यक बताया। धरने में महिला सफाई कर्मचारियों ने भी भाग लिया और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। बता दें कि, हड़ताल के चलते शहर की आपात सेवाएं प्रभावित हो रही हैं, जिससे आम जनता में चिंता बढ़ती जा रही है। अब सबकी नजरें सरकार के अगले कदम पर टिकी हैं।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Popular Articles