![]()
पलवल में स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से एक आधुनिक ‘साझा बाजार’ पोर्टा केबिन (पोर्टेबल केबिन) शुरू किया गया है। नगर परिषद पलवल ने माल गोदाम रोड स्थित दशहरा ग्राउंड में लगभग 9.60 लाख रुपए की लागत से इसका निर्माण पूरा किया है। प्रदेश के खेल मंत्री गौरव गौतम ने पत्रकारों को यह जानकारी दी। खेल मंत्री गौरव गौतम ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए विभिन्न योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर रही है। ‘सांझा बाजार’ इसी सोच का एक महत्वपूर्ण कदम है, जो स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए एक सुव्यवस्थित एवं स्थायी मंच प्रदान करेगा। महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों का होगा प्रदर्शन इस आधुनिक पोर्टा केबिन में महिलाओं द्वारा तैयार किए गए हस्तशिल्प, पारंपरिक एवं आधुनिक खाद्य उत्पाद, परिधान, सजावटी वस्तुएं और घरेलू उपयोग की सामग्री प्रदर्शित व बेची जा सकेंगी। इससे महिलाओं को अपने उत्पादों के विपणन के लिए एक स्थायी स्थान मिलेगा, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी और उन्हें रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे। यह पहल केवल महिलाओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय स्तर पर तैयार होने वाले उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे स्थानीय कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन मिलेगा, साथ ही ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ जैसे अभियानों को भी नई गति मिलेगी। स्वयं सहायता समूहों को मिलेगी विपणन सुविधाएं : खेल मंत्री उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार भविष्य में भी स्वयं सहायता समूहों को बेहतर विपणन सुविधाएं, प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि प्रदेश की महिलाएं स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बन सकें और राज्य की आर्थिक प्रगति में सक्रिय भागीदारी निभा सकें।
Source link
पलवल में साझा बाजार पोर्टा केबिन शुरू:नगर परिषद ने खर्च किए 9.60 लाख रुपए, महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की लगेगी प्रदर्शनी







