![]()
गुरुग्राम जिले के फर्रुखनगर में सोमवार को उपमंडल नागरिक अस्पताल के समीप एक तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से बिजली की मुख्य हाई-वोल्टेज लाइन टूट गई। इस घटना में एक बड़ा हादसा टल गया। डंपर के तारों में उलझने से बिजली की लाइन सड़क पर गिर गई और उसके खिंचाव के कारण अस्पताल के सामने लगे 2 से 3 विद्युत खंभे भी टेढ़े हो गए। सौभाग्य से, उस समय कोई राहगीर या वाहन चालक तारों की चपेट में नहीं आया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तार टूटते ही उनमें करंट प्रवाहित होने से चिंगारियां निकलने लगीं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत सुरक्षित दूरी बनाकर अपनी जान बचाई। हादसे के बाद सड़क पर गिरे टूटे तार और झुके हुए बिजली के खंभे लोगों के लिए खतरा बने रहे। एम्बुलेंस सहित कई वाहन जाम में फंस स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में मुख्य सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके कारण यातायात को वन-वे किया गया है। इससे पहले ही वाहनों का दबाव अधिक था। घटना के बाद सड़क पर बिजली के तार गिरने से अस्पताल रोड पर लंबा जाम लग गया। एम्बुलेंस सहित अन्य आवश्यक वाहन भी जाम में फंस गए, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही बिजली विभाग की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने सबसे पहले संबंधित क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद कराई, ताकि करंट से कोई दुर्घटना न हो। इसके बाद कर्मचारियों ने टूटे तार हटाने और झुके हुए बिजली के खंभों को दुरुस्त करने का कार्य शुरू किया। विभागीय अधिकारियों ने जल्द ही बिजली आपूर्ति और यातायात को सामान्य करने का आश्वासन दिया। पुलिस प्रशासन भी मौके पर मुस्तैदी के साथ तैनात रहा। पुलिसकर्मियों ने यातायात को नियंत्रित करते हुए वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला। काफी मशक्कत के बाद अस्पताल रोड पर लगे जाम को खुलवाकर स्थिति सामान्य की गई।
Source link
फर्रुखनगर में डंपर की टक्कर से हाई-वोल्टेज लाइन टूटी:अस्पताल के सामने बिजली के खंभे टेढ़े हुए, जाम में फंसी एंबुलेंस







