![]()
फतेहाबाद के गांव बीघड़ स्थित नहर में बाप-बेटे की तलाश करती टीमें।
फतेहाबाद के गांव बीघड़ में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक पॉल्ट्री फार्म पर काम करने वाले नेपाली मूल के पिता-पुत्र नहर में नहाते समय पानी के तेज बहाव में बह गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा।
.
गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश की जा रही है, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए हिसार से स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF) की टीम को भी बुलाया गया है।
जानकारी के अनुसार, नेपाल निवासी विष्णु अपनी पत्नी के साथ गांव बीघड़ में पूर्व सरपंच के बेटे सोनू के पॉल्ट्री फार्म पर काम करता था। शनिवार दोपहर बाद विष्णु, उसका 17 वर्षीय बेटा सुभाष और उनका एक अन्य साथी बीरु नहर पर नहाने के लिए गए थे। नहाने के दौरान अचानक सुभाष गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
साथी पीछे हटा, लेकिन बेटे को बचाने के लिए जूझता रहा पिता
चश्मदीद के मुताबिक, सुभाष को डूबता देख उसका पिता विष्णु और साथी बीरु ने उसे बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी। पानी का बहाव बेहद तेज था। जब बचाने के प्रयास सफल नहीं हुए और खुद की जान पर बन आई, तो साथी बीरु पीछे हट गया और बाहर निकल आया। लेकिन विष्णु अपने कलेजे के टुकड़े को बचाने के लिए आखिरी सांस तक पानी के तेज बहाव से जूझता रहा। आखिरकार, दोनों बाप-बेटे देखते ही देखते पानी के तेज बहाव में बह गए।
10 दिन पहले ही नेपाल से आया था इकलौता साथ रह रहा बेटा
पॉल्ट्री फार्म संचालक सोनू ने बताया कि विष्णु के दो बेटे हैं, जिनमें से एक बेटा अभी भी नेपाल में ही रह रहा है। कुछ दिन पहले विष्णु की पत्नी अपने गांव नेपाल गई हुई थी। वह करीब 10 दिन पहले ही वापस लौटी थी और अपने साथ छोटे बेटे सुभाष (17) को भी ले आई थी। परिवार में सुभाष के आने की खुशियां अभी थमी भी नहीं थीं कि इस भयानक हादसे ने पूरे परिवार को बिखेर कर रख दिया। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
हिसार से बुलाई गई SDRF की टीम
हादसे के बाद से ही पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च अभियान चला रही है। पानी का बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू में दिक्कतें आ रही हैं, जिसके चलते हिसार से SDRF की विशेष टीम को बुलाया गया है। टीम के सदस्य लगातार नहर में दोनों की तलाश कर रहे हैं, लेकिन खबर लिखे जाने तक दोनों का कुछ पता नहीं चल सका था।







