![]()
हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट)-2026 के दूसरे दिन रविवार को यमुनानगर जिले में लेवल-2 और लेवल-1 की परीक्षाएं आयोजित होंगी। जिला प्रशासन ने दोनों परीक्षाओं को नकल मुक्त कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। जिले के 25 परीक्षा केंद्रों पर कुल 9,940 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था पहले ही पूरी कर ली है। वहीं किसी भी आपात स्थिति में परीक्षार्थियों की सहायता के लिए डायल-112 की टीम भी पूरी तरह सक्रिय रहेगी। जिले में बनाए गए 25 परीक्षा केंद्र उपायुक्त प्रीति ने बताया कि रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक लेवल-2 की परीक्षा होगी, जिसमें 7 हजार 559 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक लेवल-1 की परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें 2 हजार 381 परीक्षार्थी शामिल होंगे। दोनों परीक्षाएं जिले के 25 परीक्षा केंद्रों पर होंगी। उन्होंने बताया कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर स्वच्छ पेयजल, शौचालय, फर्स्ट एड और पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। साथ ही रोडवेज विभाग को आवश्यकता अनुसार विभिन्न रूटों पर अतिरिक्त बसें चलाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि परीक्षार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में दिक्कत न हो। शनिवार को शांतिपूर्ण रही लेवल-3 की परीक्षा शनिवार को आयोजित एचटेट लेवल-3 की परीक्षा जिले में शांतिपूर्ण संपन्न हुई। शाम के सत्र में आयोजित इस परीक्षा के लिए 4,935 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 4,190 ने परीक्षा दी, जबकि 745 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस तरह परीक्षा में करीब 85 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। प्रशासन के अनुसार परीक्षा के दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना या नकल की सूचना नहीं मिली। सीसीटीवी, बायोमैट्रिक और उड़नदस्तों की रहेगी नजर डीसी ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, बायोमैट्रिक सत्यापन और वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा ड्यूटी मजिस्ट्रेट, उड़नदस्ते, सेंटर सुपरिंटेंडेंट, सुपरवाइजर और पुलिस अधिकारी लगातार निगरानी करेंगे। परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और नकल मुक्त बनाने के लिए सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। डायल-112 पहुंचाएगी परीक्षा केंद्र तक प्रशासन ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे समय से पहले घर से निकलें। यदि किसी अभ्यर्थी को परिवहन, मार्ग या अन्य किसी कारण से परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में परेशानी होती है तो वह तुरंत डायल-112 पर संपर्क कर सकता है। जरूरत पड़ने पर डायल-112 की टीम अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने में भी सहायता करेगी
Source link
यमुनानगर में आज HTET लेवल-1 और 2 की परीक्षा:9,940 अभ्यर्थी देंगे एग्जाम, 25 परीक्षा केंद्रों पर सुबह-शाम दो सत्रों में होगी परीक्षा







