![]()
फतेहाबाद जिले के गांव खाराखेड़ी के पूर्व सरपंच राजेंद्र खिलेरी के शव का आज अंतिम संस्कार होगा। उन्हें गांव में बिश्नोई समुदाय की परंपरा के अनुसार मिट्टी दी जाएगी। पुलिस ने उनके भतीजे सौरभ के बयान पर छह आरोपियों पर केस दर्ज किया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। वहीं, घटनाक्रम की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। आरोपी नेशनल हाईवे की साइड से दीवार की दूसरी तरफ से आए और ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर चले गए। बता दें कि, शनिवार शाम को नेशनल हाईवे पर स्थित रंगला पंजाब ढाबे के पास नीम के पेड़ के नीचे बैठे पूर्व सरपंच पर तीन-चार हमलावरों ने गोलियां बरसा दी थी। पूर्व सरपंच के सिर व छाती पर गोलियां लगी। जिससे उनकी मौत हो गई। उनके साथ बैठे गांव बोदीवाली के सरपंच मेनपाल के भी पुलिस ने बयान लिए हैं। जानिए… सीसीटीवी फुटेज में क्या दिख रहा सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि ढाबे के बिल्कुल साथ जिस जगह पूर्व सरपंच राजेंद्र खिलेरी और बोदीवाली के सरपंच मेनपाल बैठे थे, वहां पर दीवार बनी हुई है। दीवार का कुछ हिस्सा टूटा हुआ है। इसी दीवार के दूसरी तरफ से शनिवार शाम 5 बजकर 57 मिनट पर तीन युवक आते हुए दिखाई देते हैं, जो आते ही पूर्व सरपंच पर गोलियां बरसाने लगते हैं। इन तीनों आरोपियों का एक साथी पीछे खड़ा भी दिख रहा है। गोलियां बरसाने के बाद आरोपी इसी दीवार की तरफ से फरार हो जाते हैं। इतने में ही ढाबे से बाहर निकलकर ढाबा संचालक व कारिंदे आते हैं और पूर्व सरपंच को लहुलूहान अवस्था में अग्रोहा मेडिकल कॉलेज ले जाया जाता है। कई एंगल से जांच कर रही पुलिस हरियाणा के पूर्व सीएम चौधरी भजनलाल के परिवार के बेहद नजदीकी गांव खाराखेड़ी के पूर्व सरपंच राजेंद्र खिलेरी की मौत के मामले में पुलिस अलग-अलग कई एंगल से जांच कर रही है। इसको चुनावी रंजिश, पारिवारिक विवाद, मेले में हुए विवाद की रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है। अभी तक पुलिस पूरी तरह से किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है। सदर थाना पुलिस, सीआईए फतेहाबाद समेत कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। हिसार व सिरसा जिलों की पुलिस से भी संपर्क किया गया है।
Source link
फतेहाबाद में आज होगा पूर्व-सरपंच का अंतिम-संस्कार:दीवार की दूसरी तरफ से आए हमलावरों ने बरसाई गोलियां; आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस







